हिमाचल में बर्फबारी के बाद कोहरा बरपाएगा कहर; दो दिन यलो अलर्ट, किन जिलों में चेतावनी?
Himachal Pradesh Mausam Ka Hal: हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर हिमपात से ठंड बढ़ गई है। अब मौसम विभाग ने सूबे के अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल और स्पीति तथा चंबा जिलों में कुछ स्थानों पर हिमपात हुआ। शिमला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नारकंडा और कुफरी, चंबा के डलहौजी और कुल्लू जिले के मनाली और आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी देखी गई।
मंडी जिले के सेराज, पराशर, शिकारी और कमरूनाग से भी हिमपात की खबर है। सूबे में ताजा बर्फबारी से होटल कारोबारियों के साथ किसानों के भी चेहरे खिल गए हैं। होटल कारोबारियों को पर्यटकों के आने की उम्मीद जग गई है। वहीं सूखे की मार झेल रहे बागवानों को भी राहत मिली है। सेब की खेती के लिए इस बर्फबारी को फायदेमंद माना जा रहा है।
हालांकि, सूखा खत्म करने के लिए यह हिमपात काफी नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, कोठी में 33 सेमी, गोंदला में 11 सेमी, केलांग में 9 सेमी, कुकुमसेरी में 8.3 सेमी, भरमौर में 8 सेमी, मनाली में 7.4 सेमी, जोत में 6 सेमी, कल्पा में 5.1 सेमी और शिल्लारू तथा खद्राला में 5 सेमी हिमपात हुआ। शिमला में ओलावृष्टि हुई जबकि आसपास के जुब्बड़हट्टी और कुफरी में 8.3 और 4 सेमी बर्फ गिरी।
हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक बारिश सलोनी में 44.3 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद कसोल में 30 मिमी, करसोग में 24.3 मिमी, भुंतर में 21.4 मिमी, जोगिंद्रनगर में 19 मिमी, बंजार में 18.2 मिमी, शिमला में 16.2 मिमी और गोहर में 16 मिमी बारिश हुई। शिमला, जुब्बड़हट्टी, कांगड़ा, जोत, भुंतर, पालमपुर और सुंदरनगर में गरज चमक के साथ झमाझम बारिश हुई।
बिलासपुर और मंडी में हल्का कोहरा देखा गया। ताजा हिमपात के कारण कई स्थानों पर सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। लाहौल और स्पीति पुलिस ने लोगों को गैरजरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। IMD ने अगले 10 से 12 घंटों के दौरान ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और सोलन के कुछ हिस्सों में गरज के साथ आंधी और बिजली गिरने को लेकर येलो जारी किया है।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को ऊना, बिलासपुर और मंडी के कुछ हिस्सों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इससे उत्तर पश्चिमी भारत में एकबार फिर मौसम बदल जाएगा।
सूबे में लाहौल और स्पीति के जनजातीय क्षेत्र में स्थित ताबो सूबे का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना 24 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। एक जनवरी से पांच फरवरी तक हिमाचल प्रदेश में बारिश की कमी 73 फीसदी तक थी। हिमाचल प्रदेश में 26 मिमी बारिश हुई जबकि सामान्य वर्षा 96.7 मिमी होती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।