Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़himachal pradesh ke mausam ka hal 4 days continue snowfall and rain fall shimla manali weather

हिमाचल प्रदेश में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, 4 दिन लगातार होगी बर्फबारी और बारिश

  • Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भीषण ठंड से राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने एक बार फिर से बारिस और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। शिमला और मनाली का मौसम भी बदलने वाला है।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाSun, 26 Jan 2025 11:37 AM
share Share
Follow Us on
हिमाचल प्रदेश में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, 4 दिन लगातार होगी बर्फबारी और बारिश

Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में 29 जनवरी से मौसम करवट लेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 29 जनवरी से 1 फरवरी तक चार दिन प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इससे प्रदेश में शीतलहर तेज होगी और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार इस दौरान मध्यवर्ती क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला और कांगड़ा के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

जनवरी में सामान्य से 75 फीसदी कम बारिश

प्रदेश में जनवरी माह के दौरान मौसम की बेरुखी रही और सामान्य से 75 फ़ीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस कारण सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि और बागवानी विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी में बारिश और बर्फबारी न होने से फसलों को नुकसान हो सकता है। सेब के बगीचों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है। पर्याप्त ठंड और नमी फसलों के विकास के लिए अनिवार्य है। ऐसे में आगामी दिनों में बारिश और बर्फबारी से किसानों और बागवानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले कुछ दिनों से खिल रही धूप

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है। रविवार को राजधानी शिमला समेत सभी इलाकों में खिली धूप ने अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की। मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय कोहरा भी पड़ना बंद हो गया है। 27 और 28 जनवरी को भी मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन कुछ इलाकों में अगले 24 घण्टे शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

जनजातीय इलाकों में कड़ाके की ठंड, शिमला की रातें मैदानों से गर्म

राज्य के मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान का अंतर साफ झलक रहा है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इन इलाकों में पिछले दो महीने से तापमान माइनस में बना हुआ है, जिससे प्राकृतिक जल स्रोत जम गए हैं। रविवार को लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दूसरी ओर हिल स्टेशन शिमला की रातें मैदानों के मुकाबले गर्म हो गई हैं। रविवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा है। इसके विपरीत मैदानी क्षेत्रों में सुंदरनगर और ऊना में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री, मंडी में 3.2 डिग्री, कांगड़ा और बिलासपुर में 4 डिग्री, धर्मशाला में 5.9 डिग्री और नाहन में 7.1 डिग्री रहा।

जनजातीय इलाकों में जम चुके जल स्रोत

जनजातीय जिलों में सर्दी का प्रकोप जारी है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के पांगी क्षेत्र में तापमान लगातार माइनस में बना हुआ है। इससे नदियों, झरनों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों का पानी जम गया है।

सैलानियों के लिए बर्फबारी का इंतजार

प्रदेश में बर्फबारी का नजारा देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। हालांकि इस बार बर्फबारी की कमी के कारण नव वर्ष के बाद सैलानी पहाड़ों का कम रुख कर रहे हैं। शिमला, मनाली और डल्हौजी हिल स्टेशनों में पर्यटकों की संख्या कम है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें