Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़himachal pradesh ka mausam shimla snowfall in shimla IMD issued orange alert

फिर बदला हिमाचल का मौसम, शिमला में हुई भारी बर्फबारी; ऑरेंज अलर्ट जारी

  • हिमाचल में सुबह से शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिलों के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। शिमला से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी और नारकंडा में ताजा बर्फबारी से चारों ओर सफेद चादर बिछ गई है जिससे यातायात बाधित हो गया है।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाSun, 23 Feb 2025 01:41 PM
share Share
Follow Us on
फिर बदला हिमाचल का मौसम, शिमला में हुई भारी बर्फबारी; ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह से शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिलों के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। शिमला से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी और नारकंडा में ताजा बर्फबारी से चारों ओर सफेद चादर बिछ गई है जिससे यातायात बाधित हो गया है। नारकंडा में अब तक करीब चार इंच बर्फ गिर चुकी है। इससे वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं कई सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। नारकंडा में बर्फबारी से नेशनल हाइवे-5 पर वाहनों को वाया सैंज-सुन्नी डायवर्ट किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी सहायता या जानकारी के लिए लोग 0177-2812344, 112 या निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क कर सकते हैं।

चौपाल उपमण्डल में ताजा बर्फबारी से सड़कें बंद

शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में बर्फबारी से कई संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। कुल्लू जिले में अटल टनल रोहतांग पर भी बर्फबारी हो रही है जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जनजतीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भी बर्फबारी जारी है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। चंबा और सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी ताजा हिमपात हुआ है।

वहीं मैदानी जिलों ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बीती रात कुछ इलाकों में तेज़ आंधी-तूफान भी आया, जिससे कुछ जगह बिजली गुल रही। मौसम में यह बदलाव लंबे समय बाद देखने को मिला है।

किसानों और बागवानों के लिए राहत

इस बर्फबारी और बारिश से सबसे अधिक राहत किसानों और बागवानों को मिली है। प्रदेश में पिछले कुछ महीनों से शुष्क मौसम के कारण सूखे जैसे हालात बन रहे थे और रबी फसलें प्रभावित हो रही थीं। ताजा वर्षा और हिमपात से गेहूं, जौ और अन्य फसलों को लाभ मिलेगा वहीं सेब उत्पादकों के लिए भी यह बर्फबारी संजीवनी साबित होगी।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बर्फबारी और बारिश से प्रदेश में तापमान गिरने से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। केलंग, कुकुमसेरी, ताबो और कल्पा में तापमान माइनस डिग्री में रिकॉर्ड किया गया है।

ऑरेंज अलर्ट जारी, बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आज के लिए भारी वर्षा और बर्फबारी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कुछ इलाकों में अंधड़ और आसमानी बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे मौसम खराब रहेगा।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें