साजिश या शरारत? हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में वंदे भारत ट्रेन पर लगातार 2 दिन फेंके गए पत्थर
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में वंदे भारत ट्रेन पर एक दिन नहीं दो दिन पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। दो दिन अलग-अलग जगहों पर वंदे भारत ट्रेन को निशाना बनाया गया है।

देश की प्रीमियम ट्रेन सेवाओं में शुमार वंदे भारत ट्रेन पर हिमाचल प्रदेश में लगातार दो दिन पथराव की घटनाएं होने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। हिमाचल के ऊना जिले में शनिवार और रविवार लगातार दो दिन अलग-अलग जगहों पर वंदे भारत ट्रेन को निशाना बनाया गया है। लगातार दो दिन पथराव की घटनाओं के बाद रेलवे ने पत्र लिखकर हिमाचल पुलिस से जांच में सहयोग मांगा है। राहत की बात यह कि पथराव की इन घटनाओं में ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
साजिश या शरारत?
पथराव की इन घटनाओं के चलते ट्रेन के कई शीशे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पथराव के पीछे कोई सोची-समझी साजिश है या इसके पीछे शरारती तत्वों का हाथ है। अब यह एक बड़ा सवाल बन गया है। बताया जाता है कि शनिवार को जिला मुख्यालय के नजदीक गांव बसाल में वंदे भारत ट्रेन की चार बोगियों पर पत्थर मारे गए। वहीं रविवार को अंब में ट्रेन की दो बोगियों को निशाना बनाया गया। इन घटनाओं ने रेलवे पुलिस और प्रशासन की चिंताओं को बढ़ा दिया है।
पुलिस से मांगा सहयोग
आलम यह कि रेलवे ने जिला ऊना के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर सहयोग मांगा है। रेलवे पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर दी है। पुलिस ने रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले प्रवासी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले प्रवासी श्रमिकों और उनके बच्चों से भी इस मामले जानकारी जुटाई जा रही है।
हमले के पीछे कौन? खोजबीन जारी
पुलिस चौकी के कार्यकारी प्रभारी मोहिंदर सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है। हमले के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिशें की जा रही हैं। इन दोनों घटनाओं से पहले भी 18 अक्टूबर 2022 को वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की एक घटना हुई थी। सवाल उठता है कि क्या ये घटनाएं किसी सुनियोजित साजिश का नतीजा हैं।
शनिवार को बसाल गांव के नजदीक हुई थी घटना
वहीं पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, ऊना जिले में अंब-अंदौरा स्टेशन से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर शनिवार अपराह्न लगभग सवा एक बजे उपद्रवियों ने पथराव कर दिया था। इस हमले में वंदे भारत ट्रेन के 4 डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए थे। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। घटना बसाल गांव के निकट हुई। इसमें दो डिब्बों की खिड़कियों के शीशे टूट गए जबकि दो अन्य पर खरोचें आईं। ट्रेन को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
(पीटीआई-भाषा का इनपुट भी शामिल)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।