हिमाचल की सुक्खू सरकार का बड़ा ऐलान, 25 हजार सरकारी नौकरियों का किया वादा
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 25 हजार सरकारी नौकरियों का वादा किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को यह ऐलान किया। जानें उन्होंने क्या कहा…

हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार सरकारी नौकरियों के लिए 25 हजार नए पद सृजित करने की योजना बना रही है। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 25 हजार सरकारी नौकरियों का वादा किया है। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार कुशल युवाओं के लिए सार्वजनिक क्षेत्र में 25 हजार नए पद सृजित करने की योजना बना रही है।
कांगड़ा के बैजनाथ में एक कार्यक्रम के दौरान हिमाचल के लोगों को 55वें राज्य दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने राज्य का दर्जा हासिल करने में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री वाईएस परमार के योगदान को याद किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकारी क्षेत्र में 12,500 से अधिक पद भरे गए हैं। साल 2025 में लगभग 8,000 और पद भरे जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दावा किया कि पिछली भाजपा सरकार के पांच वर्षों में 20 हजार की तुलना में दो वर्षों में 42 हजार से अधिक नौकरियां प्रदान की गईं। सीएम सुक्खू ने हिम परिवार पोर्टल भी शुरू किया। इसमें कहा गया है कि यह पहल राज्य के सभी परिवारों को दस्तावेजों, सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं तक पहुंचने के लिए एक सेंट्रलाइज प्लेटफार्म प्रदान करेगी।
पोर्टल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने को सरल बनाना और पारदर्शिता को बढ़ाना है। पोर्टल की मदद से नागरिक घर बैठे 300 से अधिक सरकारी सेवाओं तक पहुंच सकते हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिम परिवार कार्ड भी बांटे। उन्होंने बैजनाथ ग्राम पंचायत के महलपत गांव में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की भी घोषणा की।
हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह शनिवार का आयोजन कांगड़ा जिले के बैजनाथ में हुआ। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस समारोह की अध्यक्षता की। हिमाचल प्रदेश के चार लाख से अधिक कर्मचारियों और पेंशनरों को इस दिन का बेसब्री से इंतजार था, लेकिन उनकी उम्मीदों को झटका लगा जब मुख्यमंत्री सुक्खू ने लंबित डीए (महंगाई भत्ता) और एरियर को लेकर कोई घोषणा नहीं की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।