जब हरियाणा के नहीं हुए तो दिल्ली के कैसे होते, केजरीवाल पर CM नायब सैनी का हमला
- अरविंद केजरीवाल ने जब हरियाणा सरकार पर यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया तो नायब सैनी ने ही मोर्चा संभाला था। उन्होंने न केवल हरियाणा में यमुना का पानी पिया बल्कि दिल्ली जाकर भी यमुना के पानी की गंदगी का सच बताया था।

27 साल बाद दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। भाजपा ने आम आदमी पार्टी को दिल्ली में जीत का चौका लगाने से रोक दिया। इस शानदार जीत पर हरियाणा के मुख्य मंत्री नायब सैनी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी को अपमानित करने का काम किया है। वे जब हरियाणा के नहीं हुए तो दिल्ली के कैसे होते? अरविंद केजरीवाल ने जब हरियाणा सरकार पर यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया तो नायब सैनी ने ही मोर्चा संभाला था। उन्होंने न केवल हरियाणा में यमुना का पानी पिया बल्कि दिल्ली जाकर भी यमुना के पानी की गंदगी का सच बताया था।
यमुना विवाद में केजरीवाल को दिया कड़ा जवाब
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली विधानसभा के चुनाव में भाजपा के प्रमुख चेहरे के रूप में प्रचार कर रहे हैं। कई दिनों से वह दिल्ली में डटे रहे।दिल्ली के चुनावों में इस बार पानी और यमुना नदी बड़ा मुद्दा बन गए थे। यमुना के पानी को लेकर उठ रहे विवाद के बीच सीएम सैनी ने चांदनी चौक से बीजेपी उम्मीदवार सतीश जैन के लिए सिर पर मटका रखकर प्रचार किया था।
ओबीसी वोट भी साधे
दिल्ली में लगभग 30 प्रतिशत ओबीसी वोट हैं, जो लोकसभा चुनाव में भाजपा की ओर आ गया था। हरियाणा का सीएम बनने के बाद नायब सिंह सैनी इस एरिया में भाजपा का बड़ा ओबीसी चेहरा बनकर उभरे। पूरी रणनीति के तहत भाजपा ने सैनी को दिल्ली के रण में उतारा था। नायब सैनी ओबीसी वर्ग से आते हैं, जो कि दिल्ली की जातीय समीकरण से मेल खाता है। दिल्ली हरियाणा से सटा हुआ है। इसके गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे जिले सीधे दिल्ली से जुड़े हुए हैं। यहां से नौकरीपेशा से लेकर बिजनेसमैन का दिल्ली से गुरुग्राम या फरीदाबाद आना-जाना लगा रहता है। प्रदेश के 12 जिले दिल्ली एनसीआर में आते हैं। ऐसे में कुछ लोगों से यहां के भाजपा नेताओं के निजी रिश्ते भी हैं।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।