Gujarat Election 2022:एससी सीटों पर कांग्रेस का बुरा हाल, जिग्नेश-शैलेष बच गए बाकी दो ढह गए
गुजरात में चली भारतीय जनता पार्टी की आंधी में कांग्रेस महज 17 सीटों पर सिमट गई है। गुरुवार को गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणामों की इस आंधी में कांग्रेस ने 2017 में जीती चार एससी सीटों में से दो गंवाई।

गुजरात में चली भारतीय जनता पार्टी की आंधी में कांग्रेस महज 17 सीटों पर सिमट गई है। गुरुवार को गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणामों की इस आंधी में कांग्रेस ने 2017 में जीती चार एससी सीटों में से दो को गंवा दिया है। 2017 में हुए विधानसभा चुनावों कांग्रेस के चार एससी विधायकों ने जीत दर्ज की थी। इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने चार में से दो सीटें गंवा दी जबकि भारतीय जनता पार्टी ने दर्जन भर एससी सीटों पर जीत दर्ज की है। इस तरह से कांग्रेस पार्टी की तरफ से गुजरात विधानसभा में एससी समुदाय का प्रतिनिधित्व घटा है जबकि भारतीय जनता पार्टी का बढ़ा है।
वडगाम में रही कांटे की टक्कर
वडगाम में आखिरी राउंड तक चली कांटे की टक्कर में कांग्रेस के एससी प्रत्याशी जिग्नेश मेवाणी ने अंत में जीत दर्ज की। अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के मणिलाल वघेला को जिग्नेश ने 4,796 वोटों से शिकस्त देकर वडगाम में विजय हासिल की। जिग्नेश को वडगाम से 93,796 वोट मिले वहीं भाजपा के मणिलाल वघेला को 89,052 वोट प्राप्त हुए। भारतीय जनता पार्टी से चुनाव लड़ रहे वघेला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं। 2012 में वघेला कांग्रेस से विधायक भी रह चुके हैं। 2022 विधानसभा चुनावों से पहले वो कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे और भाजपा ने उन्हें वडगाम से टिकट दे दिया था।
2017 के चुनावों में वघेला ने पार्टी के कहने पर वडगाम सीट जिग्नेश मेवाणी के लिए छोड़ दी थी। उस चुनाव में जिग्नेश मेवाणी ने जीत दर्ज की थी।
शौलेष परमार ने दाणिलिमड़ा से दर्ज की जीत
दूसरी एससी सीट जिस पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की वो अहमदाबाद की दाणिलिमड़ा सीट है। यहां कांग्रेस के शैलेष परमार ने जीत दर्ज की है। शैलेष परमार को यहां 68,906 वोट मिले जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नरेश व्यास को 55,381 वोट प्राप्त हुए।
नौशाद सोलंकी भी हारे
तीसरी सीट की बात करें तो दसाडा से कांग्रेस मजबूत प्रत्याशी माने जाने वाले नौशाद सोलंकी हार गए हैं। इस सीट पर नौशान सोलंकी को 73,607 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी भारीतय जनता पार्टी के प्रत्याशी पी के परमार को 75,743 वोट प्राप्त हुए हैं। आम आदमी पार्टी के अरविंद सोलंकी को 10,060 वोट मिले और वो तीसरे नंबर पर रहे।
कालावाड़ में भी कांग्रेस को शिकस्त
चौथी सीट की बात करें तो कालावाड़ से कांग्रेस प्रवीण मुछाड़िया भी अपनी सीट पर चुनाव हार गए हैं। प्रवीण मुछाड़िया को भारतीय जनता पार्टी के मेघजी चावड़ा ने लगभग 34 हजार वोटों से मात दी है। इन चुनावों मुछाड़िया को 24,159 वोट मिले वहीं बीजेपी प्रत्याशी मेघजी चावड़ा ने 58,788 वोट पाकर जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी मुछाड़िया इस सीट पर तीसरे नंबर पर रहे। दूसरे नंबर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जिग्नेश सोलंकी रहे। उन्हें 42,991 वोट मिले थे।
बीजेपी ने जीती अपनी सभी एससी सीटें
बीजेपी ने ना सिर्फ अपनी पिछली दस एससी सीटों पर जीत दर्ज की बल्कि कुछ सीटों पर बहुत बड़े अंतर से भी जीत दर्ज की है। कुछ सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने एक लाख वोटों के अंतर से भी जीत दर्ज की है। वड़ोदरा शहरी सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मनीश वकील को 1,30,112 वोट मिले और उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी गुणवंतरी परमार को 31,907 वोट मिले। इस तरह से सूरत की शहरी सीट पर जीत-हार का अंतर लगभग एक लाख का रहा।
बारदोली पर भी भाजपा का कब्जा
बारदोली से भाजपा प्रत्याशी ईश्वरभाई परमार ने 1,18,140 वोट पाकर जीत दर्ज की। वहीं उनकी प्रतिद्वदी कांग्रेस की पन्नाबेन पटेल को 28,478 वोट प्राप्त हुए। ईश्वरभाई परमार को इस सीट पर कांग्रेस से लगभग 90 हजार वोट ज्यादा प्राप्त हुए।
राजकोट में तीसरे नंबर पर रही कांग्रेस
राजकोट ग्रामीण सीट से वर्तमान विधायक और भाजपा प्रत्याशी भानूबेन भाबरिया को 1,19,353 वोट प्राप्त हुए जबकि उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के कर्षन भटवार को 29,052 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस इस सीट पर तीसरे नंबर पर रही जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी वर्षम सागठिया को 70,749 वोट मिले और वो दूसरे नंबर पर रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।