रोहित शेट्टी लेकर आ रहे हैं साल 2025 की सबसे बड़ी लव स्टोरी, सामने आई पहली झलक
Rohit Shetty Film: रोहित शेट्टी ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट का एक वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने दावा किया है कि ये साल 2025 की सबसे बड़ी लव स्टोरी होने वाली है।

रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर अपने आने वाले प्रोजेक्ट का वीडियो जारी किया है। उन्होंने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “ड्रामा, एक्शन, रोमांस - सब मिलेगा एक ही कहानी में! 2025 का सबसे बड़ा ब्लॉकबस्टर जल्द आ रहा है।” उन्होंने इस प्रोजेक्ट का नाम तो नहीं बताया, लेकिन इसकी स्टार कास्ट का खुलासा जरूर कर दिया है। आइए आपको बताते हैं कि इस प्रोजेक्ट में उन्होंने किस एक्टर और किस एक्ट्रेस को कास्ट किया है।
फिल्म की स्टार कास्ट
रोहित शेट्टी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में रणवीर सिंह और सारा अली खान नजर आ रहे हैं। वीडियो की शुरुआत में रणवीर सिंह का लुक रिवील किया जाता है। फिर सारा अली खान की झलक दिखाई जाती है। इसके बाद लिखकर आता है, ‘क्या होगा प्यार? या होगी टकरार? आ रही है साल 2025 की सबसे बड़ी लव स्टोरी।’ बता दें, ये पहला प्रोजेक्ट नहीं है जिसमें रणवीर और सारा साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले भी दोनों रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिम्बा’ में साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करते नजर आ चुके हैं।
क्या बोल रही है पब्लिक?
लोगों का कहना है कि ये फिल्म नहीं बल्कि कोई एड है। एक ने लिखा, ‘ये फिल्म का ऐलान नहीं किसी चीज का प्रमोशन है।’ दूसरे ने लिखा, ‘कहीं सिम्बा 2 तो नहीं आने वाली है।’ तीसरे ने लिखा, ‘ये कुरकुरे की एड लग रही है। खैर छोड़ो! आप गोलमाल 5 का अपडेट दे दो।’
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।