DC vs CSK: धोनी की ताबड़तोड़ पारी पर पत्नी साक्षी धोनी का रिएक्शन वायरल, बोलीं- पता ही नहीं चला कि...
धोनी ने अपनी इस पारी में तीन गगनचुंबी छक्के लगाए। माही को इसके लिए इलेक्ट्रिक स्टाइकर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। साक्षी धोनी ने अवॉर्ड लेते हुए धोनी की तस्वीर को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट की।

चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2024 के 13वें मुकाबले में भले ही दिल्ली कैपिटल्स के हाथों सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा हो, मगर महेंद्र सिंह धोनी की ताबड़तोड़ बैटिंग ने सीएसके फैंस का दिन बना दिया। फैंस की इस सूची में माही की पत्नी साक्षी धोनी भी थीं। धोनी की ताबड़तोड़ पारी देखने के बाद साक्षी धोनी का रिएक्शन खूब सुर्खियां बटोर रहा है। धोनी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 16 गेंदों पर 37 रनों की नाबाद पारी खेली। चेन्नई सुपर किंग्स को इस मैच में 20 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
एमएस धोनी ने अपनी इस पारी में 4 चौके और तीन गगनचुंबी छक्के लगाए। माही को इन 3 छक्कों के लिए इलेक्ट्रिक स्टाइकर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। साक्षी धोनी ने अवॉर्ड लेते हुए धोनी की तस्वीर को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट किया और लिखा, 'हाय धोनी! पता ही नहीं चला कि हम मैच हार गए।'
विंटेज माही की धुआंधार पारी
माही जब मैदान पर उतरे तो सीएसके के हाथ से मैच लगभग निकल चुका था। टीम को अंतिम 23 गेंदों पर 72 रनों की दरकार थी। धोनी ने चौके के साथ खाता खोला और इसके बाद कवर्स की दिशा में एक चौका और एक गगनचुंबी छक्का भी जड़ा। फैंस को विशाखापट्टनम में विंटेज धोनी शो देखने को मिला। सीएसके मैच हार रही थी, मगर फैंस धोनी की बल्लेबाजी का लुत्फ उठा रहे थे। एनरिक नोर्खिया के अंतिम ओवर में धोनी ने दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 20 रन बटोरे। अंत में जीत जरूर दिल्ली कैपिटल्स को मिली, मगर महफिल महेंद्र सिंह धोनी लूट गए।
कैसा रहा दिल्ली वर्सेस चेन्नई मैच?
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने कप्तान ऋषभ पंत (51) और डेविड वॉर्नर (52) के अर्धशतक के दम पर 191 रन बोर्ड पर लगाए। इस दौरान पृथ्वी शॉ ने भी 43 रनों की धुआंधार पारी खेली। मथीशा पथिराना ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए। इस स्कोर का पीछा करने उतरी सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रविंद्र फ्लॉप साबित हुए जिसके बाद दबाव अजिक्य रहाणे (45) और डेरिल मिचेल (34) पर आ गया। दोनों ने सीएसके की पारी को संभालने की कोशिश की, मगर मैच उनके हाथों से निकलता गया। अंत में धोनी ने आकर 16 गेंदों पर 37 रन बनाए, मगर वह टीम के काम नहीं आ सके। खलील अहम दिल्ली की जीत के हीरो रहे जिन्होंने 4 ओवर में 21 रन खर्च कर 2 विकेट चटकाए।