आर अश्विन ने हैरी ब्रूक के मजे भी लिए और सलाह भी दी, बोले- मैं एक बात आपको बताना चाहता हूं कि...
- आर अश्विन ने हैरी ब्रूक के मजे भी लिए और सलाह भी दी और कहा कि मैं एक बात आपको बताना चाहता हूं कि वरुण चक्रवर्ती ज्यादा लेग स्पिन नहीं करते। अगर आप उनके हाथ को नहीं पढ़ोगे तो खुद को मुश्किल में पाओगे।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड की टी20 टीम के उपकप्तान हैरी ब्रूक को एक बड़ी सलाह दी है। हैरी ब्रूक भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ बुरी तरह से फेल रहे हैं। ब्रूक ने पहले टी20 मैच में वरुण के हाथों अपना विकेट गंवाने के लिए कोलकाता में स्मॉग यानी धुंध को जिम्मेदार ठहराया था, लेकिन दूसरे मैच में चेन्नई के मैदान पर भी वरुण चक्रवर्ती ने हैरी ब्रूक की वही हालत की। इस बार तो चेन्नई में स्मॉग भी नहीं था। हैरी ब्रूक को दोनों मैचों में लगभग एक ही अंदाज में वरुण चक्रवर्ती ने आउट किया।
अपने यूट्यूब चैनल पर इंडिया वर्सेस इंग्लैंड दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच की समीक्षा करते हुए आर अश्विन ने वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ ब्रूक के आउट होने के बारे में बात की। इंग्लैंड के उप-कप्तान को कुछ सलाह देते हुए अश्विन ने कहा, "चेन्नई में स्मॉग नहीं था। हैरी ब्रूक ने कहा था कि ईडन गार्डन्स में स्मॉग की वजह से वह आउट हो गए। मैं हैरी ब्रूक से बस एक बात कहना चाहता हूं, 'हैरी ब्रूक, यह बात ध्यान में रखना कि वरुण चक्रवर्ती ज्यादा लेग स्पिन नहीं करते, उनकी मुख्य ताकत सिर्फ गुगली है।"
अश्विन ने आगे बताया, "ब्रूक लेग-स्टंप की ओर बढ़े और ईडन गार्डन्स में बोल्ड आउट हो गए। फिर से उन्होंने स्टंप को कवर किया और फ्रंट फुट पर चले गए, उन्होंने गुगली को नहीं पढ़ा और चेन्नई में अपने स्टंप खो दिए। यदि आप उनका हाथ देखते हैं, तो आप गुगली को पढ़ सकते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि रोशनी कैसी है, अगर आप गुगली को आते हुए नहीं देखते हैं, तो आप इसे नहीं खेल पाएंगे।" अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ब्रूक अश्विन की सलाह पर ध्यान देंगे और भारत के खिलाफ अगले तीन टी20 मैचों से पहले स्पिन के खिलाफ अपने खेल पर काम करेंगे या नहीं?