अगर परवाह है तो...पृथ्वी शॉ की खराब किस्मत का पीटरसन ने बताया 'रामबाण इलाज', सिर्फ ये 2 काम लगाएंगे बेड़ा पार
- बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की खराब किस्मत का केविन पीटरसन ने 'रामबाण इलाज' बताया है। उन्होंने कहा कि अगर शॉ ने सिर्फ दो काम कर लिए तो उनका बेड़ा पार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शॉ बहुत प्रतिभाशाली हैं

इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन ने पृथ्वी शॉ की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपनी ऊर्जा फिट होने में लगानी चाहिए और अगर उन्हें एक बार फिर सफलता का स्वाद चखना है तो सोशल मीडिया से दूर रहना चाहिए। शॉ ने किशोरावस्था में पदार्पण करते हुए टेस्ट शतक बनाया था। 25 साल की उम्र में वह अपने करियर के चौराहे पर खड़े हैं क्योंकि इंडियन प्रीमियर लीग की कोई भी फ्रेंचाइजी उन्हें 75 लाख रुपये के कम आधार मूल्य पर भी खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही थी। शॉ का नाम दो बार आईपीएल 2025 ऑक्शन में आया लेकिन एक भी बोली नहीं लगी।
भारत के पूर्व वनडे विशेषज्ञ मोहम्मद कैफ सहित कई लोगों को लगता है कि उनके मैदान के बाहर के व्यक्तित्व ने निश्चित रूप से उनके मैदानी खेल को प्रभावित किया है। पीटरसन ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर लिखा, ''खेल में वापसी की कुछ बेहतरीन कहानियां हैं। अगर पृथ्वी शॉ के आसपास अच्छे लोग हैं जो उनकी सफलता की परवाह करते हैं तो वे उन्हें सोशल मीडिया से दूर रहने और पूरी तरह से फिट होने के लिए ट्रेनिंग करने को कहेंगे। यह उसे सही रास्ते पर वापस ले आएगा, जहां पिछली सफलता वापस हासिल की जा सकती है। वह बहुत प्रतिभाशाली हैं।''
हाल में शॉ को अधिक वजन और अनफिट होने के कारण मुंबई रणजी टीम से बाहर कर दिया गया था। उनकी सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में वापसी हुई लेकिन अभी तक कुछ खास नहीं कर पाए हैं। भारत की 2018 अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान पृथ्वी को भारतीय क्रिकेट के अगले स्टार के रूप में देखा जा रहा था और छह सत्र पहले टेस्ट पदार्पण पर शतक लगाने के बाद उनसे उम्मीदें बढ़ गई थीं।
यह भी पढ़ें- पृथ्वी शॉ को नींद से जागने के लिए इस झटके की जरूरत थी, IPL ऑक्शन में अनसोल्ड रहने पर पार्थ जिंदल
शॉ को करीब से देखने वाले एक पूर्व भारतीय चयनकर्ता ने कुछ दिन पहले पीटीआई से कहा, ‘‘पृथ्वी दिल्ली कैपिटल्स में रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स में ही उन्हें अपने अंडर-19 भारतीय कोच राहुल द्रविड़, रिकी पोंटिंग, सौरव गांगुली से बातचीत करने का मौका मिला था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई क्रिकेट में भी यह सभी को पता है कि सचिन तेंदुलकर ने भी उनसे बात की है। क्या ये दिग्गज मूर्ख हैं? क्या आपको उसमें कोई बदलाव दिखता है? अगर दिखता भी है तो वह स्पष्ट नहीं है।’’