प्लेऑफ के नजदीक पहुंचकर पंजाब किंग्स को लगा तगड़ा झटका, स्टार ऑलराउंडर हुआ IPL 2025 से बाहर
IPL 2025 प्लेऑफ के नजदीक पहुंचकर पंजाब किंग्स को एक तगड़ा झटका लगा है। टीम का स्टार ऑलराउंडर IPL के मौजूदा सीजन से बाहर हो गया है। चोट के कारण ग्लेन मैक्सवेल सीजन के बाकी बचे मैच नहीं खेल पाएंगे।

IPL 2025 प्लेऑफ के नजदीक पहुंचने के बाद पंजाब किंग्स को एक तगड़ा झटका लगा है। टीम का स्टार ऑलराउंडर IPL के मौजूदा सीजन से बाहर हो गया है। चोट के कारण ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल अब पंजाब किंग्स के लिए सीजन के बाकी बचे मैचों में नहीं खेल पाएंगे। फिंगर इंजरी की वजह से ग्लेन मैक्सवेल टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं। इस सीजन ग्लेन मैक्सवेल का बल्ला खामोश रहा है, जबकि गेंद से भी वे पंजाब किंग्स के लिए इतने प्रभावी साबित नहीं हुए। हालांकि, वे जिस कैलिवर के खिलाड़ी हैं, उससे कहा जा सकता है कि पंजाब किंग्स के लिए ये बड़ा झटका है।
पंजाब किंग्स ने इस बात की आधिकारिक जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर दी है। ग्लेन मैक्सवेल को लेकर पंजाब किंग्स ने एक्स पर लिखा, "ग्लेन मैक्सवेल उंगली की चोट के कारण बाकी सत्र से बाहर हो गए हैं। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।" पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस के दौरान ये जानकारी दी थी कि उनको फिंगर इंजरी है। अब इसकी पुष्टि हो चुकी है कि वे टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे। हालांकि, अभी तक पंजाब किंग्स ने उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अपने पहले खिताब के लिए देख रही पंजाब किंग्स ने ग्लेन मैक्सवेल को 4 करोड़ 20 लाख रुपये में मेगा ऑक्शन में खरीदा था। हालांकि, वे इस सीजन फीके ही नजर आए। उन्होंने 7 मैचों की 6 पारियों में आईपीएल 2025 में कुल 48 रन बनाए थे, जबकि गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 6 पारियों में सिर्फ 4 विकेट निकाले थे। वे इस बार ना तो फिनिशर की भूमिका अच्छे से निभा सके और ना ही गेंदबाजी से मैच पलट सके। वे इससे पहले आरसीबी के लिए तीन सीजन खेले और उससे पहले पंजाब किंग्स का ही हिस्सा थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।