ईशान किशन आप हमेशा MI के पॉकेट डायनेमो रहोगे...मुंबई इंडियंस ने ऐसे दी विकेटकीपर को विदाई
- मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा है कि ईशान किशन आप हमेशा एमआई के पॉकेट डायनमो रहेंगे और हम सभी आपको याद करेंगे और हम सभी आपसे प्यार करते हैं। ईशान इस बार एसआरएच के लिए खेलेंगे।

7 साल तक मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस बार सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इंडियन प्रीमियर लीग में नजर आएंगे। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में मुंबई की टीम उनको नहीं खरीद पाई, क्योंकि उनके पास इतने पैसे नहीं थे, क्योंकि वे सबसे ज्यादा पैसे अपने रिटेंशन में खर्च कर चुके थे। एमआई ने उन पर बोली जरूर लगाई, लेकिन एसआरएच ने उनको खरीदा। अब मुंबई ने उनको याद किया और एक विदाई संदेश ईशान को दिया। हार्दिक पांड्या ने इस दौरान कहा कि आप एमआई के हमेशा पॉकेट डायनेमो रहोगे।
मुंबई इंडियंस द्वारा शेयर किए गए वीडियो में हार्दिक पांड्या कहते हैं, "ईशान ने ड्रेसिंग रूम में ताजगी और ऊर्जा भरी थी। जब हम उसे रिटेन नहीं कर पाए, तो हमें पता था कि उसे नीलामी से वापस पाना बहुत मुश्किल होगा, क्योंकि वह जिस तरह का खिलाड़ी है और जिस तरह का कौशल वह लेकर आता है। वह हमेशा ड्रेसिंग रूम को जीवंत रखते थे, बहुत से लोगों को हंसाते थे, वह प्यार और गर्मजोशी टीम में बहुत स्वाभाविक रूप से आती थी। ईशान किशन, आप हमेशा MI के पॉकेट डायनेमो रहेंगे और हम सभी आपको मिस करेंगे और हम सभी आपसे प्यार करते हैं।"
ईशान किशन ने भी हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर मुंबई इंडियंस के साथ अपनी यादों के बारे में एक पोस्ट की थी, जहां उन्होंने अपनी यात्रा में एक विशेष भूमिका निभाने के लिए फ्रेंचाइजी और प्रशंसकों को धन्यवाद दिया था। ईशान 2018 से 2024 तक टीम के साथ रहे और सात साल तक वे मुंबई इंडियंस के लिए अच्छा प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान दो बार टीम ने खिताब भी जीता। ईशान किशन पर एमआई ने 2022 के मेगा ऑक्शन में सबसे बड़ी बोली लगाई थी। लगातार तीन साल फिर उनको रिटेन भी किया गया था। हालांकि, इस बार उनको रिटेंशन नहीं मिला। उनकी फॉर्म भी थोड़ी सी खराब रही थी।