ग्लेन मैक्सवेल के साथ IPL नीलामी में हो गया 'खेला', पंजाब किंग्स ने सस्ते में निपटाया; RCB ने फेर लिया मुंह
- Glenn Maxwell IPL Auction 2025: ग्लेन मैक्सवेल को आईपीएल ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने खरीदा है। आरसीबी ने कंगारू ऑलराउंडर मैक्सवेल से मुंह फेर लिया।

ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के साथ आईपीएल मेगा ऑक्शन 2025 में 'खेला' हो गया। मैक्सवेल पर बड़ी बोली लगने की संभावना थी लेकिन पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने सस्ते में निपटा दिया। उन्हें पंजाब ने महज 4.2 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। वहीं, 36 वर्षीय क्रिकेटर से पुरानी फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पूरी तरह मुंह फेर लिया। आरसीबी ने मैक्सवेल को पहले तो रिटेन नहीं किया और फिर नीलामी में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। मैक्सवेल के लिए तीन टीमों ने बोली लगाई। वह पहले भी पंजाब फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं।
मैक्सवेल का नाम जब नीलामी में आया तो कुछ देर तक किसी फ्रेंचाइजी ने रिस्पॉन्स नहीं दिया। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएज) ने पहली बोली लगाई। इसके बाद, चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) आगे आई। दोनों के बीच बिडिंग वॉर थोड़ी देर चली और पंजाब ने एंट्री मार दी। पीबीकेएस ने अंतिम बोली 4.2 करोड़ की गलाई और मैक्सवेल को अपने साथ जोड़ा लिया। ऑक्शनीयर ने जब आरसीबी से पूछा कि क्या वे मैक्सवेल के लिए आरटीएम कार्ड इस्तेमाल करेगी तो फ्रेंचाइजी ने साफ मना कर दिया। कंगारू ऑलराउंडर ने आईपीएल 2024 में 10 मैचों में सिर्फ 52 रन बनाए थे। वह चार सीजन आरसीबी में रहे।
यह भी पढ़ें- बेवकूफी कर दी...केएल राहुल को RCB ने क्यों नहीं खरीदा? पूर्व भारतीय क्रिकेटर नीलामी के दौरान आगबबूला
आरसीबी ने मैक्सवेल को आईपीएल 2021 से पहले 14.25 करोड़ में खरीदा था। वह 2022 में 11 करोड़ में आरसीबी के साथ जुड़े और पिछले सीजन तक खेले। आरसीबी ने ऑक्शन से पहले केवल तीन भारतीय खिलाड़ियों विराट कोहली, यश दयाल और रजत पाटीदार को रिटेन किया। मैक्सवेल ने 2012 में दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से आईपीएल डेब्यू किया था। उन्होंने आरसीबी में शामिल होने से पहले मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब का प्रतिनिधित्व किया। मैक्सवेल ने 134 आईपीएल मैचों में 156.73 के स्ट्राइक रेट से 2771 रन बनाए हैं। उन्होंने 8.28 की इकॉनमी रेट से 37 विकेट लिए हैं।