Hindi Newsछत्तीसगढ़ न्यूज़10 years old record broken in Raipur, Yellow alert for rain in some districts along with heat wave

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी, रायपुर में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड; लू के साथ कुछ जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर संभाग के धमतरी और गरियाबंद जिले के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, रायपुर, छत्तीसगढ़Thu, 24 April 2025 03:56 PM
share Share
Follow Us on
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी, रायपुर में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड; लू के साथ कुछ जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

छत्तीसगढ़ में सूरज की तेज किरणें झुलसा रही हैं। भीषण गर्मी से हाल बेहाल हो रहा है। चिलचिलाती धूप की वजह से दिन के वक्त बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। परेशानी की बात यह है कि आगामी कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों के लिए हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया था। रायपुर में गर्मी ने 10 साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। मंगलवार को यहां 44.4 डिग्री तापमान था। हालांकि बुधवार को बिलासपुर 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा। गुरुवार को मौसम विभाग ने दो जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया है, इस दौरान यहां आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर संभाग के धमतरी और गरियाबंद जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यह अलर्ट आगामी तीन घंटों यानी शाम 6 बजे के लिए जारी किया गया है। बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर जिले में आंधी-तूफान के साथ मेघगर्जन, हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के लिए प्रदेश के कई जिलों में ग्रीष्म लहर (हीट वेव) चलने की संभावना भी जताई है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़ बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग-भिलाई, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, खैरागढ़ जिलों में लू की स्थिति बन सकती है।

बिलासपुर सबसे गर्म, बलरामपुर रात में ठंडा

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों की लू की स्थिति बनी रही। दो दिन पहले प्रदेश में सबसे गर्म रायपुर रहा, जहां सर्वाधिक तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह अप्रैल महीने में पिछले 10 सालों का सबसे अधिक तापमान था। 23 अप्रैल को बिलासपुर जिला सबसे ज्यादा 43.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला था। सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियल और सूरजपुर में 19.4 डिग्री सेल्सियल रिकार्ड किया गया।

छत्तीसगढ़ के मौसम का हाल।

अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। वहीं उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बिहार से छत्तीसगढ़ होते हुए मन्नार की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। रायपुर, भिलाई-दुर्ग में आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

रिपोर्ट- संदीप दीवान

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें