एलन मस्क को भारत में बड़ी कामयाबी, स्टारलिंक को मिला लाइसेंस, लॉन्चिंग के करीब कंपनी
लाइसेंस मिलने के साथ ही सैटेलाइट इंटरनेट उपलब्ध कराने वाली एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के लिए एक बड़ी बाधा दूर हो गई है और यह भारत में अपने ऑपरेशंस के कमर्शियल लॉन्चिंग के करीब जा पहुंची है।

दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क को भारत में एक बड़ी कामयाबी मिली है। एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को टेलिकॉम मिनिस्ट्री से एक प्रमुख लाइसेंस मिल गया है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने यह बात रॉयटर्स को बताई है। लाइसेंस मिलने के साथ ही सैटेलाइट इंटरनेट उपलब्ध कराने वाली स्टारलिंक के लिए एक बड़ी बाधा दूर हो गई है और यह भारत में अपने ऑपरेशंस के कमर्शियल लॉन्चिंग के करीब जा पहुंची है।
लाइसेंस पाने वाली तीसरी कंपनी
स्टारलिंक, डिपार्टमेंट ऑफ टेलिकम्युनिकेशंस (DoT) से लाइसेंस पाने वाली तीसरी कंपनी बन गई है। इससे पहले, डिपार्टमेंट ऑफ टेलिकम्युनिकेशंस ने यूटेलसैट के वनवेब और रिलायंस जियो को भारत में सर्विसेज उपलब्ध कराने के लिए लाइसेंस दिया है। फिलहाल, स्टारलिंक और DoT दोनों ने इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। स्टारलिंक भारत में कमर्शियली ऑपरेट करने के लिए साल 2022 से लाइसेंस का इंतजार कर रही है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं समेत कई कारणों की वजह से इसमें देरी हुई है। अमेजन का कुइपर अब भी अपने इंडिया लाइसेंस का इंतजार कर रहा है।

कंपनी को जल्द जारी किए जाएंगे ट्रायल स्पेक्ट्रम
डिपार्टमेंट ऑफ टेलिकम्युनिकेशंस (DoT) ने एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक (Starlink) को ग्लोबल मोबाइल पर्सनल कम्युनिकेशन बाय सैटेलाइट (GMPCS) परमिट जारी किया है। साथ ही, आने वाले दिनों में कंपनी को ट्रायल स्पेक्ट्रम भी इश्यू किए जाएंगे। स्पेक्ट्रम आवंटित होने के बाद कंपनी को सिक्योरिटी कंडीशंस समेत सभी कंप्लायंसेज सरकार को प्रदर्शित करने होंगे। स्टारलिंक को स्पेस रेगुलेटर इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथरजैशन सेंटर (In-SPACe) से भी मंजूरी लेनी होगी। कंपनी ने क्लीयरेंस हासिल करने के लिए सभी डीटेल्स पहले ही उपलब्ध करा दिए हैं, लेकिन अभी मंजूरी नहीं मिली है। कमर्शियल सेवाओं का लॉन्च कंपनी की तरफ से सिक्योरिटी कंडीशंस कंप्लायंसेज के सफलतापूर्वक प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है।