दो बेटियां पैदा करने पर पत्नी की हत्या, बेटे की चाहत में पति बना हैवान
दरभंगा जिले के केवटी थाना इलाके में बेटे की चाहत में पति और ससुराल वालों ने एक महिला की हत्या कर दी। महिला ने दो बेटियों को जन्म दिया था। इस वजह से ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे।

बिहार के दरभंगा से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बेटे की चाहत में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। महिला ने एक-एक कर दो बेटियों को जन्म दिया था। बेटा नहीं होने पर ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार को महिला का शव केवटी थाना इलाके के बरही-लहवार रोड किनारे स्थित लैला चौर में मिला।
मृतका की पहचान मधुबनी जिले के पंडौल थाना इलाके के डेबभरारी गांव निवासी चंदन मुखिया की पत्नी घुरनी देवी (29) के रूप में हुई है। मृतका के भाई भैरवस्थान थाना इलाके के खैरा गांव निवासी बिकाऊ मुखिया ने अपनी बहन की हत्या कर शव फेंकने का आरोप उसके पति, ससुर, सास और ननद पर लगाया है।
बिकाऊ ने बताया कि पांच साल पहले उसकी बहन घुरनी देवी की शादी हुई थी। उसका पति मजदूरी करता है। शादी के बाद लगातार दो बेटियां होने के से ससुराल वाले उसकी बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। इसी बीच वह तीसरी बार गर्भवती हो गई, तो दीपावली से पहले पति ने उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद दंपति में झगड़ा होने लगा। फिर महिला अपने मायके चली गई। पंचायत के बाद पति छठ पूजा से पहले घुरनी देवी को ससुराल ले गया।
उसने बताया कि रविवार सुबह सात बजे घुरनी देवी के ससुराल वालों का फोन आया और कहा कि आपकी बहन भाग गई है। यह सुन कर मायके के लोग खोजबीन में जुट गए। इसी बीच लैला चौर में महिला का शव मिलने की खबर मिली तो दरभंगा स्थित डीएमसीएच अस्पताल पहुंचे। वहां अपनी बहन-बेटी का शव देखर परिजन फफक-फफकर रोने लगे। केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पहचान होने पर शव स्वजन को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।