अनुपूरक बजट दिखावा; आंकड़े बताकर अखिलेश प्रसाद सिंह ने नीतीश सरकार को घेरा
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि 2018 से लेकर 2023 तक के बजट के आंकड़ों से साफ है कि मूल बजट भी बिहार सरकार खर्च नहीं कर पाती है और राशि वापस लौट जाती है। बावजूद इसके हर साल अनुपूरक बजट जारी करने का दिखावा किया जाता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया है कि पिछले पांच वर्षों में बिहार सरकार मूल बजट भी खर्च नहीं कर पायी है। उन्होंने दावा किया कि 2018 से लेकर 2023 तक के बजट के आंकड़ों का अध्ययन करने पर साफ दिखता है कि मूल बजट भी बिहार सरकार खर्च नहीं कर पाती है और राशि वापस लौट जाती है। बावजूद इसके हर साल अनुपूरक बजट जारी करने का दिखावा किया जाता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में 66509.62 करोड़ रुपये वापस गए, जबकि कुल आवंटित राशि 301686.46 करोड़ थी। बिहार का विकास करने का दावा करने वाली ये डबल इंजन की सरकार तथ्यों पर बात करे। बिहार को स्पेशल पैकेज और विशेष दर्जा की बात करने वाले ये समझ जाएं कि उनकी नीति आम बिहारी समझ चुका है। सरकार की कथनी और करनी का फर्क भी ये आंकड़े बता रहे हैं। ऐसे में सरकार को बिहार के लोगों को छलने का काम बंद कर देना चाहिए।
आपको बता दें बिहार सरकार का वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट तीन मार्च को पेश होगा। विधान सभा का बजट सत्र 28 फरवरी से प्रारंभ होगा और 28 मार्च तक चलेगा। सत्र के दौरान कुल 20 बैठकें होगी। इससे पहले 4 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में विधानमंडल के बजट सत्र की तारीख पर मुहर लगी थी। जानकारी के मुताबिक 2025-25 का का बजट 3 लाख करोड़ के पार जा सकता है। जो बीते वित्तीय वर्ष 2024-25 के मुकाबले 8 फीसदी तक ज्यादा हो सकता है। जो कृषि, बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास और सड़कों जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान होने की संभावना है।