धूप व उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना किया बेहाल
सीतामढ़ी में भीषण गर्मी और तीखी धूप ने आम जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। दिन में 7 बजे के बाद...
सीतामढ़ी, हमारे प्रतिनिधि। जिले में जारी भीषण गर्मी व प्रचंड धूप से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शहर से लेकर गांव तक के लोगों ने भीषण गर्मी एवं तीखी धूप के कारण अपनी दिनचर्या बदल दी है। इधर बढ़ रही तापमान के कारण पारा 38 डिग्री सेल्सियस हो गया है। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय सह प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून तक जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।
इसके चलते स्थिति यह है कि दिन में सात बजे के बाद से ही सड़कों पर आवाजाही कम होने लगती है। दोपहर होते-होते इक्के दुक्के लोग ही सड़क पर चलते दिखाई देते हैं। इससे दोपहर से शाम तक दुकानदारों को ग्राहकों के इंतजार में दिन काटने को विवश होना पड़ता है। वहीं गांव में भी 10 बजे के बाद खेत से मजदूर घर की राह थाम लेते हैं। पिछले एक पखवारा से पारा के चढ़ने का क्रम जारी है। स्थिति यह है कि आमतौर पर बाजारों व चौक चौराहों पर हर समय भीड़ लगने वाले स्थानों पर दोपहर में सन्नाटा छा जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।