पंजाबी कॉलोनी में जलजमाव से मुसीबत नाला कच्चा छोड़ा, नहीं होती सफाई
समस्तीपुर के पंजाबी कॉलोनी में जलजमाव की समस्या गंभीर है। बारिश के दौरान लोग चार महीने तक गंदे पानी में डूबे रहते हैं, जिससे उनके जीवन में कठिनाई होती है। नगर निगम ने कोई ठोस उपाय नहीं किया है, जिससे...
समस्तीपुर। शहर के वार्ड-27 स्थित पंजाबी कॉलोनी की सबसे बड़ी समस्या जलजमाव है। बारिश के दौरान मोहल्ले के लोग चार महीने तक नारकीय जीवन जीने को मजबूर रहते हैं। बच्चे कई दिनों तक स्कूल नहीं जा पाते हैं। नाला नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो रही है। इसको लेकर कई बार मोहल्ले के लोगों ने डीएम और नगर आयुक्त से शिकायत भी की है। उसके बाद भी समस्या जस की तस है। नगर निगम ने कच्चा नाला बनाकर छोड़ दिया। इसकी कभी सफाई भी नहीं होती है, जिससे पानी बदबू मार रहा है। शहर के वार्ड-27 में स्थित पंजाबी कॉलोनी में भोला टॉकीज से पूरब गंडक बांध तक जाने वाली पीसीसी सड़क से सटे पश्चिम साइड से दस हजार की आबादी बसी है। यह पिछले कई वर्षों से जल जमाव की गंभीर समस्या से त्रस्त है। हर बरसात में तीन महीने तक पूरा मुहल्ला डेढ़ फुट तक बरसात व नाले के गंदे पानी में डूबा रहता है। इससे नारकीय हालत बनी रहती है। यह समस्या यहां पिछले कुछ वर्षों से तब उत्पन्न हुई है, जब रेलवे ने रेल लाइन विस्तारीकरण योजना के तहत अपनी रेलवे की खाली जमीन को मिट्टी व पत्थरों से भर कर सड़क से काफी ऊंचा कर अतिरिक्त रेल पटरियां बिछा दीं। इससे पहले लोग अपने घरों के नालों का पानी रेलवे की खाली जमीन में ही बहाते थे। बरसात में सड़क पर जमा होने वाला पानी भी इसी जमीन में बह कर चला जाता था। जिससे जल जमाव की समस्या नहीं रहती थी। लोगों का कहना है कि रेल पटरी बिछने के बाद जब मुहल्ले में जलजमाव की समस्या हुई तब रेलवे के साथ नगर निगम के अधिकारी भी यहां पहुंचे और समस्या निदान का भरोसा दिया लेकिन अब तक कुछ नहीं हो पाया है। नगर निगम ने यहां जल निकासी का अब तक कोई ठोस प्रबंध नहीं किया है। हां, वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर केवल कच्चा नाला बना कर छोड़ दिया है। बरसात के समय में यहां पम्पिंग सेट लगा कर पाइप के जरिये पानी निकालने की व्यवस्था कर खानापूर्ति कर दी है। पानी निकालने के बदले अक्सर यह पंपिग सेट बंद रहता है, जबकि नगर निगम में इसे कई दिनों तक चालू ही दिखा दिया जाता है। इसको लेकर विरोध भी होता है फिर भी नगर निगम में मैनेज हो जाता है। ये जुगाड़ यहां के पीड़ित लोगों को अधिक राहत नहीं दे पाया है।
पीड़ित अरुण कुमार चौधरी, सीए पंकज ज्योति, अनिल कुमार, संतोष कुमार, शांति तनेजा, राहुल कुमार, महिंद्र राय, राम विलास चौधरी, राकेश कुमार ने बताया कि जलनिकासी का ठोस उपाय नहीं होने से बरसात के समय उन लोगों को मुहल्ले में रहना मुश्किल रहता है। उनका जनजीवन अस्त व्यस्त रहता है। पूरा मुहल्ला डेढ़ फुट तक गंदा पानी में तीन से चार महीने डूबा रहता है, लगता है जैसे तालाब हो। घरों से निकल कर भोला टॉकीज चौक तक जाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। बच्चों को स्कूल भेजना बंद करना पड़ता है। मरीजों को अस्पताल ले जाना कठिन रहता है। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं, बच्चों व वृद्ध लोगों को रहती है। सड़क, कच्चा नाला व रेलवे की परती खाली जमीन का गंदा पानी ओवरफ्लो कर घरों तक फैल जाता है। नारकीय स्थिति से लोग बीमार पड़ने लगते हैं। तरह-तरह के कीड़े व जहरीले सांप निकलने लगते हैं। कई लोग तो डर से केवल दिन में भी संभल कर निकलते हैं। कई लोग अपना घर छोड़ कर भर बरसात दूसरी जगह चले जाते हैं। जब पानी सूखता है तब घरों की सफाई करा करकर फिर से रहने लगते हैं। सौरभ कृष्ण, राम दर्शन, मनीष पांडेय, संतोष राय, कृष्ण कुमार व निशांत कुमार कहते हैं कि भर बरसात तीन महीने दूषित पानी को हेल कर निकलते हैं।
घरों के अंदर भी पानी फैले रहने से खाना बनाना, भोजन करना व नहाना धोना कष्टकर रहता है। भारी बारिश हुई तो कमर तक पानी का जमाव हो जाता है। पिछले कई बरसात से इतनी गंभीर स्थिति से जूझने पर भी नगर निगम अब तक जल निकासी का ठोस इंतजार करने में अक्षम साबित हो रहा है। जल निकासी के लिए जो स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का काम शुरू हुआ है वह भी अटका हुआ है। कब तक यह पूरा होगा, यह अनिश्चितता में फंसा है। शहर के वार्ड-27 में स्थित पंजाबी कॉलोनी में भोला टॉकीज से पूरब गंडक बांध तक जाने वाली पीसीसी सड़क से सटे पश्चिम साइड से दस हजार की आबादी बसी है।
पीड़ित अरुण कुमार चौधरी, अनिल कुमार, संतोष कुमार, शांति तनेजा, राहुल कुमार, महिंद्र राय, राम विलास चौधरी, राकेश कुमार ने बताया कि जल निकासी की समस्या का निदान होना जरूरी है कारण कि इससे बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके शादी-ब्याह में भी समस्या आती है। कई लोगों के पास अच्छा परिसर होने के बावजूद कोई भी आयोजन होटल और विवाह भवनों से करना पड़ता है। यह लाखों रुपये का खर्च बढ़ा देता है।
प्रस्तुति: राजनंदन प्रसाद
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।