कई कांडों में फरार राहुल को पुलिस ने दबोचा
समस्तीपुर के ताजपुर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद के चलते हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने राहुल कुमार झा को गिरफ्तार किया। उसके पास से लोडेड कट्टा और कारतूस मिले। राहुल पर कई गंभीर आपराधिक मामलों में...
समस्तीपुर। ताजपुर थाना क्षेत्र में रामापुर महेशपुर में जमीन विवाद को लेकर मारपीट व गोलीबारी मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित राहुल कुमार झा मुसरीघरारी थाना के मोरवाडीह निवासी बिपिन झा का पुत्र है। उसे निकसपुर में चाय की दुकान से पुलिस ने दबोचा। पुलिस गिरफ्तारी के बाद तलाशी में उसके पास से लोडेड देसी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद की। इस संबंध में एएसपी संजय कुमार पांडेय ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार राहुल पेशेवर अपराधी है। तीन जनवरी को ताजपुर थाना अंतर्गत निकसपुर दुर्गा मंदिर के पास स्थित चाय दुकान से राहुल कुमार झा को गिरफ्तार किया गया। उस पर ताजपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद सत्यापन के क्रम में पुलिस को जानकारी हुई कि ताजपुर थाना क्षेत्र में रामापुर महेशपुर में 21 दिसम्बर 24 की शाम करीब 4.45 बजे जमीन विवाद में मारपीट एवं गोलीबारी की घटना हुई थी। जिस संबंध में ताजपुर थाना में कांड संख्या 206/24 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। उस मामले यह फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उन्होंने बताया कि समस्तीपुर के सीमावर्ती जिला से भी गिरफ्तार बदमाश राहुल के आपराधिक इतिहास का पता किया जा रहा है। यह सक्रिय व पेशेवर अपराधी है। इस पर हत्या, चोरी, शराब मामले में कई कांड दर्ज है।
कई मामलों में था वांछित : गिरफ्तार राहुल पर ताजपुर थाना, मुसरीघरारी थाना, मुफस्सिल थाना, सरायरंजन थाना, कल्याणपुर थाना व महुआ थाना में हत्या, लूट, शराब व आर्म्स एक्ट मामले में प्राथिमिकी दर्ज है, जिसमे से कुछ मामले में पुलिस आरोप पत्र भी समर्पित कर चुकी है। छापामार दल में पुअनि शनि कुमार मौसम, थानाध्यक्ष ताजपुर, पुअनि मो. शहयाज आलम, ताजपुर थाना, पुअनि राजवंश कुमार, ताजपुर थाना,
सिपाही लक्ष्मण सिंह एवं राहुल कुमार शामिल थे। राजद नेता रघुवर राय की हत्या के बाद बनाया था गिरोह: एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी राहुल कुमार झा ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र में राजद नेता रघुवर राय की भी हत्या की थी। उस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उन्होंने बताया कि जमानत पर जेल से निकलने के बाद राहुल ने अपना गिरोह बनाया। उसने गिरोह में शामिल लड़कों के सहयोग से आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। जमीन विवाद में भी अपने गिरोह के माध्यम से दखल देकर मारपीट व गोलीबारी करता था। उन्होंने बताया कि अपराधी राहुल को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से त्वरित सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
समस्तीपुर । मुफस्सिल थाने की पुलिस ने हत्याकांड के एक प्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वारिसनगर थाना क्षेत्र के लखनपट्टी मटुआ निवासी रामशकल महतो के पुत्र कमलेश कुमार (20) के रूप में की गई है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि हत्याकांड के आरोप में फरार चल रहे कमलेश कुमार की गिरफ्तारी की गई है, जिसे जेल भेजा जा रहा है। बता दें कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दादपुर में 29 नवंबर 2023 को एक शव मिला था, जिसकी पहचान चकमेहसी थाना क्षेत्र के सोमनाहा मठ वार्ड 1 निवासी राजाराम महतो के पुत्र छोटू कुमार के रूप में की गई थी। इसके बाद मृतक के भाई चंदन कुमार के आवेदन पर अपने भाई के ससुराल वालों के उपर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।