पटना समेत बिहार के 15 शहरों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, पारा 45 के पार; जानिए कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में रविवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे। पटना समेत राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने गरज-तड़क व आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की है।

पटना सहित 15 जिलों में भीषण गर्मी का प्रभाव बना रहने के साथ अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। शनिवार को पटना में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा। शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री था। पिछले 24 घंटे में लगभग डेढ़ डिग्री अधिकतम तापमान में वृद्धि दिखी है। इधर राज्य में सर्वाधिक तापमान का आंकड़ा 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
शनिवार को 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी व गया में सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। गया में भीषण लू एवं मोतिहारी, शेखपुरा में हीट वेव का प्रभाव बना रहा। गया के अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री, औरंगाबाद में 1.6 डिग्री, डेहरी में 1.2 डिग्री, भोजपुर में 1.2 डिग्री, छपरा में 1.2 डिग्री, बक्सर में 0.5 डिग्री, नालंदा में 1.8 डिग्री, बांका में 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
मौसमविदों के अनुसार प्रदेश में रविवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे। पटना समेत राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने गरज-तड़क व आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक चिह्नित सिस्टम शनिवार को झारखंड में कई जगहों पर बारिश करा चुका है। यह बिहार की ओर बढ़ रहा है। रविवार को कई जिलों में इसका असर दिखेगा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, पूर्वी व पश्चिम चंपारण जिलों में गरज-तड़क के साथ भारी वर्षा को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के पूर्वी व मध्य भागों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी है। पटना सहित अधिसंख्य भागों में गरज-तड़क व तेज हवा के साथ छिटपुट वर्षा के आसार हैं।
इसके अलावा पटना सहित नालंदा, जहानाबाद, गया, नवादा, बेगूसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। चार जिलों पूर्वी चंपारण, सुपौल, सीतामढ़ी और मधुबनी के एक या दो स्थानों पर 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात व ओला गिरने को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके प्रभाव से 72 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की गिरावट के आसार है।
क्या है मौसमी सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी बिहार और उससे सटे उप हिमालयी पश्चिम बंगाल पर चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। असम व आसपास इलाकों के ऊपर हवा का चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। इन सभी मौसमी प्रभाव के कारण अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग भागों में गरज-तड़क के साथ वर्षा होने के कारण मौसम सामान्य होने के साथ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 43.0 26.2
गया 44.6 23.8
भागलपुर 41.1 23.9
मुजफ्फरपुर 39.2 24.1