Hindi NewsBihar NewsPatna NewsNitish Kumar Inspects Preparations for Khelo India Youth Games 2025 in Patliputra Sports Complex

सीएम ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियां देखी, दिये कई निर्देश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पाटलिपुत्र खेल परिसर में 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025' की तैयारियों का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार मई को उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री ने विश्व की सबसे बड़ी...

Newswrap हिन्दुस्तान, पटनाSun, 27 April 2025 06:17 PM
share Share
Follow Us on
सीएम ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियां देखी, दिये कई निर्देश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर जाकर वहां चल रही ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। यूथ गेम्स का उद्घाटन चार मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सेंट्रल कंट्रोल एंड कमांड सेंटर, कॉफ्रेंस हॉल, स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम सहित अन्य भागों का जायजा लिया। साथ ही उद्घाटन समारोह में होनेवाल कार्यक्रम के लिए खिलाड़ियों और कलाकारों द्वारा किए जा रहे अभ्यास का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने चार मई को उद्घाटन समारोह में प्रदर्शित की जानेवाली विश्व की सबसे बड़ी मधुबनी पेंटिंग के निर्माण का भी अवलोकन किया। विश्व की सबसे बड़ी बनायी गयी मधुबनी पेंटिंग के लिये गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र मुख्यमंत्री को सौंपा गया। मिथिला चित्रकला संस्थान, सौराठ, मधुबनी के 50 कलाकारों ने लगातार 50 घंटे तक काम कर इस पेंटिंग को तैयार किया है। विश्व की सबसे बड़ी मधुबनी पेंटिंग तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानेवाली पद्मश्री बाऊआ देवी को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। साथ ही 375 बाल लामाओं की ओर से सिंगिंग बॉल के साथ प्रदर्शन का गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड का प्रमाणपत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

मालूम हो कि बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन चार से 15 मई तक हो रहा है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 28 खेलों के लिये 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों से 8500 खिलाड़ी तथा 1500 प्रशिक्षक और तकनीकी अधिकारी शामिल हो रहे हैं। बिहार के पांच शहरों पटना, गया, राजगीर, भागलपुर, बेगूसराय में इस खेल का आयोजन होगा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रण शंकरण सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें