11 सालों में सबसे ज्यादा गर्म रहा रविवार, ठंड का असर रहा कम
नवादा में रविवार का दिन पिछले 11 वर्षों में सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड का प्रभाव कम हो गया था और मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहा। अगले कुछ...

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। रविवार ठंडरहित बीता। अचानक से तापमान में दो से तीन डिग्री की अधिकता रही। ऐसा बादलों के अंश के कारण हुआ। आंकड़े बताते हैं कि विगत 11 सालों की तुलना में रविवार सबसे ज्यादा गर्म रहा। ठंड का असर दिन तो दिन रात में भी कम ही रहा। विगत दो-तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड का आलम रहा। कनकनी का भी असर रहा। ऐसा नजारा लगभग बुधवार तक रहा। सुबह-सुबह नवादा जिला कोहरे की चादर में लिपटा होता रहा। लेकिन उन दिनों ही मौसम का मिजाज बदलता दिखने लगा था। सुबह व शाम को गलन जरूर रहती थी लेकिन दोपहर में धूप निकल आने से राहत भी मिल जाती थी। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया था कि आने वाले दिनों में दो से तीन डिग्री तक तापमान में वृद्धि होगी और ऐसा ही हुआ है। दिन में ठंड एकदम से नदारद रहा जबकि रातें भी मामूली रूप से ही ठंड भरी रह रहीं। 30 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान और 12 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान वाले रविवार को कोहरे भी नगण्य रहे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में खासी वृद्धि दर्ज की गई। दो से तीन डिग्री की अधिकता के कारण रविवार को मौसम शुष्क रहने के साथ ही ठंडरहित ही रही। मौसम की अद्यतन जानकारी देते हुए कृषि मौसम वैज्ञानिक रौशन कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम सामान्यत: शुष्क बना रहा। रविवार के मौसम विश्लेषण के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहली फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से मौसम एवं आकाश मुख्यत: साफ बना रह रहा। लेकिन दो फरवरी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले समेत प्रदेश भर में आंशिक रूप से मध्यम एवं उच्च स्तर के बादल देखे जा रहे हैं। इस कारण ही मौसम में बदलाव संभव हुआ और अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी दिख रही है। --------------------- विगत 11 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा, सबसे ज्यादा रहा गर्म रविवार नवादा। रविवार को पिछले 11 सालों में सबसे ऊंचे स्तर पर पारा पहुंच गया। 30 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान और 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुके न्यूनतम तापमान के कारण रविवार न सिर्फ इस सीजन का बल्कि वर्ष 2015 के बाद से ठंड के दिनों का भी सबसे गर्म दिन रहा। रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई जबकि वर्तमान में महज 08 किमी वाली हवा के ठहर-ठहर कर चलने से ठंड का असर कम ही रहा। इस कारण आम दिनचर्या काफी हद तक बेहतर हो गयी है। राहत की बात यह है कि मौसम पूर्वानुमान में आगे दो-तीन दिन भी ऐसा ही मौसम रहने का पूर्वानुमान है। इस रविवार की तुलना में बीते 11 वर्षों में बस 2023 और 2016 में ही न्यूनतम तापमान क्रमश: एक और चार डिग्री अधिक रहा था और 2024 तथा 2020 में न्यूनतम तापमान समान यानी 12 डिग्री सेल्सियस रहा था जबकि शेष वर्षों में यह इस रविवार की तुलना में काफी औसतन दो डिग्री तक अधिक रहा। अधिकतम तापमान में दो से आठ डिग्री तक की अधिकता विगत 11 वर्षों की तुलना में रविवार को रही। ------------------ विगत 11 वर्षों में 02 फरवरी का तापमान (डिग्री सेल्सियस में) : वर्ष अधिकतम न्यूनतम 2025 30 12 2024 23 12 2023 22 13 2022 23 10 2021 22 08 2020 22 12 2019 26 09 2018 23 11 2017 21 10 2016 28 16 2015 25 10 --------------------------
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।