Weather Update Pre-Monsoon Rain in Muzaffarpur Temperature Drops मौसम : दिनभर धूप और छांव के बीच देर शाम हुई राहत की बारिश, Muzaffarpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsWeather Update Pre-Monsoon Rain in Muzaffarpur Temperature Drops

मौसम : दिनभर धूप और छांव के बीच देर शाम हुई राहत की बारिश

मुजफ्फरपुर में बुधवार को बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली चलती रही। पिछले 24 घंटे में दूसरी बार रिमझिम फुहारों से तापमान में कमी आई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून के लिए 24 से 48 घंटे इंतजार करना...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुरThu, 19 June 2025 12:07 AM
share Share
Follow Us on
मौसम : दिनभर धूप और छांव के बीच देर शाम हुई राहत की बारिश

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। बुधवार को पूरे दिन जिले में बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली चलती रही। इस बीच पिछले 24 घंटे में दूसरी बार हुई रिमझिम फुहारों के बीच तापमान में कमी आई। हालांकि, मौसम वैज्ञानिक इसे प्री-मानूसन बारिश बता रहे हैं। उनके अनुसार मानसून के लिए अभी और एक-दो दिन इंतजार करना पड़ सकता है। दिन में हवा में नमी की मात्रा बढ़ने और वाष्पीकरण की गति अधिक होने के कारण पूरे दिन उमस की अधिकता रही। बारिश होने से रात में लोगों को उमस से राहत मिली। इधर, तापमान में गिरावट से इस महीने पहलीबार अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।

पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून के लिए जिलेवासियों को अभी 24 से 48 घंटे तक इंतजार करना पड़ सकता है। बिहार में पूर्वी इलाके से प्रवेश करने के बाद इसकी दिशा में आंशिक तौर पर परिवर्तन हुआ है। इससे पड़ोसी जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए सभी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, लेकिन गति धीमी होने के कारण जिले में इसका प्रवेश कुछ देर से हो सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ यह सामान्य से 1 डिग्री नीचे रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में किसी भी तरह का बदलाव देखने को नहीं मिला। यह सामान्य स्तर पर 26.5 डिग्री पर बना हुआ है। इस दौरान वाष्पीकरण की मात्रा 8.8 एमएम दर्ज की गई, जो सामान्य वाष्पीकरण की दर से लगभग चार गुणी अधिक रही। सापेक्षिक आर्द्रता सुबह में 90 प्रतिशत तो दोपहर में 65 प्रतिशत तक जा पहुंची। इससे उमस की अधिकता से लोग बेहाल रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।