शातिर आनंद किशोर ने कोर्ट में किया सरेंडर
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में रिश्ते के दादा को गोली मारने वाले आनंद किशोर उर्फ चुल्लू ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वह मादक पदार्थ तस्करी और हत्या के कई मामलों में पूर्व में जेल जा चुका है।...

मुजफ्फरपुर हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। अहियापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर में रिश्ते के दादा शत्रुघ्न प्रसाद को गोली मारने के मामले में फरार चल रहे शातिर आनंद किशोर उर्फ चुल्लू ने गुरुवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वह मादक पदार्थ तस्करी और हत्या के मामले में पूर्व में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ अहियापुर, सदर, सिकंदरपुर सहित अन्य थानों में कई मामले दर्ज हैं।
अहियापुर में घटना के बाद पुलिस पदाधिकारी सोनू कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित विशेष टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। उसके आधा दर्जन से अधिक संभावित ठिकानों पर इस दौरान पुलिस ने छापा मारा। लेकिन, वह फरार मिल रहा था। उसके करीबियों पर भी पुलिस ने दबिश बनाई। इसके बाद उसने कोर्ट में सरेंडर किया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इसको लेकर केस के आईओ कवायद में जुट गए हैं।
अहियापुर के राघोपुर न्यू कॉलोनी में मंगलवार रात आठ बजे पारिवारिक विवाद में शत्रुघ्न प्रसाद सिंह को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले में उनकी पत्नी उषा देवी के बयान पर अहियापुर थाने में बुधवार को केस दर्ज किया गया। इसमें उन्होंने आनंद किशोर व दो अन्य अज्ञात को आरोपित किया था। बताया जा रहा है कि घटना की रात ही पीड़ित परिवार व स्थानीय लोगों ने आनंद को खदेड़ कर पकड़ लिया था। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई भी की थी। इसमें उसके मुंह, नाक सहित सहित शरीर के कई जगहों में गंभीर चोट आई थी। हालांकि, मौका मिलते ही वह वहां से भाग निकला था।
तीन माह से एफआईआर दबा कर बैठी थी पुलिस :
14 नवंबर 2024 को गणेशपुर की रहने वाली एक महिला ने अहियापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें आनंद और प्रशांत झा को आरोपित किया था। एफआईआर में पीड़िता ने बताया था कि हथियार से लैश दो अपराधी मेरे घर में घुस आए और गाली गलौज की। पिस्टल तान कर जान से मारने की धमकी दी। दस हजार रुपये मांगते हुए कहा कि नहीं दोगी तो तुम्हारे बेटे को मार देंगे। आनंद चार बार लूट और हत्या के मामले में जेल जा चुका है। आए दिन ये दोनों धमकी देते रहते हैं। कभी-कभी अज्ञात लड़कों को भी मेरे घर भेज देते हैं। मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बयान ::::
अहियापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर में रिश्ते के दादा को आनंद किशोर उर्फ चुल्लू ने गोली मारी थी। उसके खिलाफ अहियापुर, सदर और सिकंदरपुर सहित अन्य थानों में कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। वह जेल भी जा चुका है। उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
-विनीता सिन्हा, एसडीपीओ टाउन-2
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।