नेपाल से प्रयागराज जा रही बस पलटी, दो दर्जन यात्री घायल
मुजफ्फरपुर-दरभंगा हाईवे पर एक बस पलट गई, जिसमें नेपाल के श्रद्धालु सवार थे। हादसे में दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। चालक और उपचालक फरार हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यात्रियों ने...

बोचहां (मुजफ्फरपुर), हिन्दुस्तान संवाददाता। मुजफ्फरपुर-दरभंगा हाईवे पर पटियासा पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की सुबह चार बजे पड़ोसी देश नेपाल के सप्तरी राजविराज वार्ड 14 से महाकुम्भ जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई। इस दौरान चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो दर्जन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक एवं उपचालक फरार हो गया। घटना की सूचना पर गरहां थानाध्यक्ष आशीष कुमार ठाकुर दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया। बस में कुल 56 लोग सवार थे। इसमें दो बच्चे भी शामिल है। दुर्घटना में कई लोगों के हाथ और पैर फ्रैक्चर हो गए। कई श्रद्धालुओं के सिर में चोट लगी है। गंभीर रूप से घायल राजविराज निवासी बिंदु प्रसाद साह (55) एवं उसकी पत्नी राजकुमारी साह (50) को एसकेएमसीएच से इलाज कराने के बाद परिजन वापस नेपाल लेकर चले गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के बाद डेढ़ दर्जन यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से एसकेएमसीएस पहुंचाया गया। बाकी का पेट्रोल पंप के पास ही प्राथमिक उपचार किया गया। यात्रियों के परिजनों को सूचना दे दी गई। बस जब्त कर ली गई है।
यात्रियों ने कहा, नशे में था चालक
यात्रियों ने बताया कि चालक नशे में था। सप्तरी राजविराज से बीते शुक्रवार की रात करीब नौ बजे बस खुली। 9:30 बजे कुनौली बॉर्डर पार किया। 3:30 बजे दुर्घटना स्थल से 500 मीटर पहले लोगों ने खाना खाया इसके बाद चालक ने बस की रफ्तार बढ़ा दी और निर्माणाधीन फ्लाइओवर के समीप बने डायवर्सन के पास ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगा दिया। उसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
दूसरी गाड़ी से कुम्भ के लिए हुए रवाना
सप्तरी निवासी मंतोष प्रसाद उर्फ मंटुन ने बताया कि हादसे के बाद सभी यात्री काफी देर तक दूसरी बस का इंतजार करते रहे। शाम में 4:15 बजे के करीब ट्रैवल एजेंसी ने दूसरी बस उपलब्ध कराई, जिसके बाद सभी यात्री कुम्भ के लिए रवाना हुए। नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी के सेवानिवृत्त सुपरवाइजर अरुण कुमार इसर ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत पुलिस पहुंच गई। उसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
स्कॉर्पियो छोड़कर बस पर सवार हो गये
अरुण कुमार इसर ने बताया कि पहले दो स्कॉर्पियो की थी, लेकिन मोहल्ले के लोगों से पता चला बस जा रही है। उसके बाद बस पर सवार हो गए। 6000 रुपए प्रति यात्री के हिसाब से किराया तय हुआ था। कुम्भ के बाद वृंदावन एवं काशी विश्वनाथ भी जाना था। बस पलटने के बाद खिड़की तोड़कर लोग बाहर निकल रहे थे।
ये हुए हैं घायल :
राजविराज वार्ड 7 निवासी रामेश्वर प्रसाद इसर के पुत्र अरुण कुमार इसर (61), उनकी पत्नी मीरा देवी (55), राजविराज वार्ड 14 निवासी रामदेव मंडल की पत्नी रामपरी देवी (48), तिलाढी कोयलाड़ी वार्ड 6 निवासी तेज नारायण साह की पत्नी गुलाब देवी (52), राजविराज के मनोज कुमार की पत्नी रंजना देवी (50), मिश्रीलाल साह की पत्नी फुलझड़ी देवी (51), रामचंद्र मंडल की पत्नी एकावरी देवी (53), सत्यनारायण मंडल, जितनी देवी, राजो देवी, राम अवतार मंडल, भोज देव मंडल की पत्नी फकनी देवी (50) सहित दो दर्जन यात्री शामिल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।