Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsBihar Government to Provide Meals from Didis Kitchen to Elderly at Senior Citizen Shelters

बुजुर्गों को परोसा जाएगा दीदी की रसोई का भोजन

बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री वृद्धजन आश्रय स्थल में रहने वाले बुजुर्गों के लिए दीदी की रसोई से भोजन की व्यवस्था की है। प्रत्येक बुजुर्ग के लिए मासिक 2300 रुपए खर्च होंगे। मिठनपुरा में नया आश्रय स्थल...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुरSun, 23 Feb 2025 05:48 PM
share Share
Follow Us on
बुजुर्गों को परोसा जाएगा दीदी की रसोई का भोजन

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। मुख्यमंत्री वृद्धजन आश्रय स्थल में रहने वाले बुजुर्गों को अब दीदी की रसोई का भोजन परोसा जाएगा। एक बुजुर्ग के भोजन पर मासिक 2300 रुपए खर्च होंगे। रसोई के नियमित संचालन को देखते हुए बुजुर्गों की संख्या कम रहने पर भी न्यूनतम पांच वृद्धजन के मासिक भोजन के भुगतान के बराबर 11.5 हजार दिए जाएंगे। आश्रय स्थल में रहने वाले बुजुर्गों की पांच से अधिक संख्या होने पर वास्तविक बिल (विपत्र) के जरिए भुगतान होगा।

दरअसल, जीविका (शहरी) की ओर से दीदी की रसोई का संचालन किया जाता है। पहले से राज्य सरकार के विभिन्न संस्थानों में दीदी की रसोई के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। बिहार खरीद अधिमानता नीति 2024 के तहत स्थानीय आपूर्तिकर्ता या सेवादाताओं की प्राथमिकता के प्रावधान को देखते हुए सरकार ने वृद्धजन आश्रय स्थल में रहने वाले लोगों के लिए दीदी की रसोई के माध्यम से भोजन की व्यवस्था कराने का निर्णय लिया है।

अगले माह मिठनपुरा में चालू होगा आश्रय स्थल

नगर निगम के स्तर से अगले माह मिठनपुरा में मुख्यमंत्री वृद्धजन आश्रय स्थल खोलने की तैयारी हो रही है। इसको लेकर किराए का भवन चयनित करने के साथ ही जरूरी व बुनियादी संसाधन की व्यवस्था कर ली गई है। कुछ तकनीकी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वृद्धजन आश्रय स्थल में बुजुर्गों की चिकित्सा, स्वास्थ्य जांच, फिजियोथेरेपी आदि की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय 2 के अंतर्गत मुख्यमंत्री वृद्धजन आश्रय स्थल खोला जा रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें