घरेलू विवाद में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ शव किया बरामद
धरहरा के इटवा गांव में एक युवक ने घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या कर ली। मृतक राजू कुमार की पत्नी ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के समय युवक ने अपने परिवार से डर का जिक्र किया था। पुलिस...

धरहरा,एक संवाददाता। धरहरा थानाक्षेत्र के इटवा गांव में एक युवक ने घरेलू विवाद में घर में गले मे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक स्व. रामश्रय सिंह का पुत्र राजू कुमार उर्फ बिहारी (21 वर्ष) था। पुलिस ने सोमवार की सुबह बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर फंदे से लटके युवक के शव को नीचे उतारा। इधर मायके से पहुंची मृतक की पत्नी ने ससुराल वालों पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की मां सावित्री देवी ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र मोटर चालक था। ढ़ाई माह बाद रविवार को वह घर लौटा था। रात मे भाईयों के बीच दूसरे का वाहन छोड़कर स्वयं की गाड़ी चलाने को लेकर चर्चा हुई। करीब साढ़े आठ बजे वह खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। रात में मोबाइल पर किसी से बात करने की आवाज आ रही थी। सोमवार की सुबह आठ बजे के करीब मां चाय देने गयी तो आवाज देने पर युवक ने दरवाजा नहीं खोला। बड़े भाई ने वेंटिलेटर से देखा तो राजू फंदे से लटका था। घरवालों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस पहंुचने पर एफएसएल टीम को बुलायी एवं शव को फंदे से उतारकर घरवालों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक राजू कुमार ने छह वर्ष बरमसिया गांव निवासी लक्ष्मण कोड़ा की पुत्री अंजू कुमारी से प्रेम विवाह किया था। उसे तीन साल की एक पुत्री है। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी बच्ची के साथ ससुराल पहुंची और पति के शव से लिपटकर रोने लगी। पत्नी ने ससुराल वाले पर पति के हत्या की आशंका जतायी है। उन्होंने बताया कि ससुराल वाले उन दोनों की शादी के खिलाफ थे। उसे ससुराल में नहीं रहने दिया जा रहा है। महिला ने बताया कि दस दिन पूर्व ही पति के बड़े भाई गोलू कुमार ने हमदोनों को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के दिन भी जमालपुर से घर लौटने के क्रम उनके पति डरे हुए थे। उन्होंने फोन पर बताया कि बड़े भाई ने घर बुलाया है, पता नहीं क्या होगा, डर लग रहा है। पुलिस के द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के बाद परिजनों ने मृतक की पत्नी को घर से बाहर निकालकर दरवाजा बंद कर लिया। महिला रोते बिलखते मायके लौट गई। मई 2022 में मृतक के पिता ने पारिवारिक कलह के कारण कीटनाशक दवा पीकर इहलीला समाप्त कर ली थी।
बोले थानाध्यक्ष: थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार पाठक ने बताया कि कमरे से शव को बरामद किया गया है। परिजन से आवेदन मिलने पर शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।