प्रतिनियुक्त कर्मचारी के भरोसे से चल रहा मुंविवि
मुंगेर विश्वविद्यालय की स्थापना को 7 वर्ष हो रहे हैं, लेकिन तिलका मांझी विश्वविद्यालय से केवल एक कर्मचारी की सेवा मिली है। विश्वविद्यालय का कामकाज आउटसोर्स कर्मियों पर निर्भर है। कई कर्मचारी संस्थान...

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। 18 मार्च को मुंगेर विश्वविद्यालय की स्थापना का 7 वर्ष पूरा हो जाएगा। इस अवधि तक समझौते के अनुसार मुंगेर विश्वविद्यालय को तिलका मांझी विश्वविद्यालय भागलपुर से 20 के स्थान पर महज एक ही कर्मचारी रमेश कुमार की सेवा प्राप्त हुई है। टीएमबीयू ने मुंविवि को अबतक 19 अन्य शिक्षकेतर कर्मचारियों की सेवा सुपुर्द नहीं की है। ऐसे में मुंविवि का कामकाज इसके अधीन संचालित कालेजों से प्रतिनियुक्त किए गए कर्मियों तथा आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कर्मियों पर निर्भर होकर रह गया है। स्थिति यह है कि एक बार जो कर्मी विश्वविद्यालय में प्रतिनियुक्त हो गया, वह कभी अपने मूल महाविद्यालय को लौटा ही नहीं। जिसके कारण विश्वविद्यालय के कार्य में भी पारदर्शिता नहीं रह पाती है। कुछ शिक्षकेतर कर्मचारी ऐसे भी हैं जो विश्वविद्यालय के स्थापना काल से (लगभग सात वर्ष से) विश्वविद्यालय में प्रतिनियुक्त हैं तथा वे कभी भी अपने मूल महाविद्यालय को वापस नहीं लौटे। ऐसे कर्मियों ने कभी भी अपने मूल महाविद्यालय में लौटने के लिए अर्जी भी नहीं लगाई और न हीं विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने ही कभी उन्हें मूल विद्यालय वापस भेजने का प्रयास किया।
आरडी एंड डीजे कालेज के 9 कर्मी हैं पहले से प्रतिनियुक्त --
मुंगेर विश्वविद्यालय में आरडी एंड डीजे कालेज के 9 कर्मी पहले से प्रतिनियुक्त हैं। जो विश्वविद्यालय के विभिन्न शाखाओं में पदस्थापित हैं। इसमें मु. शफीक आलम लेखा शाखा, केके आजाद कालेज इंस्पेक्टर कार्यालय, मनीष कुमार लेखा शाखा, सुबोध झा कुलपति सचिवालय, ललन सिंह कुलपति कार्यालय, राजू राउत कुलसचिव कार्यालय, एएफ रजमी परीक्षा विभाग, रवि कुमार स्टोर तथा शैलेंद्र कुमार शामिल हैं। इधर 21 फरवरी को एक बार फिर से आरडी एंड डीजे कालेज के दो कर्मियों को तत्काल प्रभाव से विश्वविद्यालय के लेखा शाखा में प्रतिनियुक्त किया गया है। इसमें एमए जहांगीर तथा राकेश कुमार शामिल हैं।
बोले अधिकारी --
विश्वविद्यालय में स्थायी कर्मियों की उपलब्धता नही है। ऐसे में विश्वविद्यालय को सुचारु रुप से संचालन को लेकर महाविद्यालयों से कर्मियों को प्रतिनियुक्ति किया गया है।
डा. प्रियरंजन तिवारी, पीआरओ, मुंविवि
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।