ऑल इंडिया जन अधिकार सुरक्षा कमेटी ने मनाया कान्हू मुर्मू का शहादत दिवस
ऑल इंडिया जन अधिकार सुरक्षा कमेटी की हवेली खड़गपुर इकाई ने मंदारे गांव में कान्हू मुर्मू का शहादत दिवस मनाया। सदस्यों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पण किया और आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा की मांग की। रमन...

हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता। ऑल इंडिया जन अधिकार सुरक्षा कमेटी की हवेली खड़गपुर इकाई की ओर से रविवार को मंदारे गांव में सिद्धो-कान्हू मूर्ति स्थल के समीप कान्हू मुर्मू का शहादत दिवस मनाया गया। कमेटी के सदस्यों ने कान्हू मुर्मू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। संचालन अर्जुन सोरेन ने किया। शहादत दिवस पर कान्हू मुर्मू अमर रहे, कान्हू मुर्मू की जीवनी को स्कूली पाठ्य पुस्तक में शामिल करो, आदिवासियों के हक को छीनना बंद करो, जंगल जाने का बेरोकटोक अधिकार देना होगा, वन अधिकार कानून 2006 पूर्णरूपेण लागू करो आदि नारे लगा रहे थे। कमेटी के बिहार राज्य प्रभारी रमन सिंह ने कहा कि आदिवासियों के हक और अधिकार को छीना जा रहा है।
इसलिए हम सबों को एक और हुल आंदोलन की तैयारी करनी होगी। ऐसी स्थिति में सैकड़ों सिद्धो-कान्हू जैसे वीर क्रांतिकारी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पचकठिया में बरगद के पेड़ से लटका कर कान्हू मुर्मू को फांसी दे दी गई थी। उनके साथ लगभग 40 हजार आदिवासियों ने भी अपनी शहादत दी, तब जाकर संथाल परगना टेनेंसी एक्ट बना। जिसे बदलने का प्रयास किया जा रहा है। जंगल के अधिकार को आदिवासियों से छीनने की कोशिश की जा रही है। अर्जुन सोरेन ने 23 फरवरी को राष्ट्रीय दिवस घोषित करने, कान्हू मुर्मू की जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। इस मौके पर गोविंद बेसरा, अर्जुन सोरेन, सुधीर मुर्मू, रामजी हेंब्रम, जागेश्वर सोरेन, गणेश हेंब्रम, पार्वती देवी, चुरकी देवी, रमेश हांसदा, अजीत टुडू, किशोर मुर्मू, राजू सोरेन, रघुवीर मरांडी, राम किस्कू आदि मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।