पुलिस के रवैये से तंग आ युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास
मधुबनी में मो. शकील ने आत्मदाह का प्रयास किया। उसने बताया कि उसे अरेर में चार लोगों ने बुरी तरह पीटा था, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। न्याय न मिलने के कारण उसने आत्मदाह करने का निर्णय लिया।...
मधुबनी, विधि संवाददाता। कलेक्ट्रेट कैंपस में बुधवार को मो. शकील ने आत्मदाह करने का प्रयास किया। शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर अपने को आग लगाते इससे पहले ही वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी उसे पकड़ लिया। बाद में उसे नगर थाना के हवाले कर दिया गया। नगर पुलिस मेडिकल जांच कराने के लिए सदर अस्पताल ले गई। शकील अरेर थाना क्षेत्र के नागदह बलाइन गांव का रहने वाला है। उसने बताया कि पिछले 10 जून को अरेर चौक पर मो. शराफत, जाकिर, हबीब एवं इश्तियाक ने उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण कई टांके लगाए गए। अरेर पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं करने पर एसपी के पास गुहार लगायी।
एसपी के कहने पर अरेर पुलिस एफआईआर दर्ज कर लिया लेकिन अब तक अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हुई। उसने बताया कि न्याय नहीं मिलने के कारण आत्मदाह करने का निर्णय लिया। शकील आत्मदाह करने बाइक से समाहरणालय पहुंचा था। बाइक फिलहाल टाउन थाना में है। नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मेडिकल कराने के बाद उसे बेनीपट्टी ले जाया गया है। वहीं अरेर थानाध्यक्ष नेहा निधि ने बताया कि शकील का मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह पुलिस को परेशान करते हैं। उसके आवेदन पर पहले ही प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इंज्यूरी रिपोर्ट नहीं आने के कारण अग्रिम कार्रवाई बाधित है। मामले में एसपी योगेंद्र कुमार ने बेनीपट्टी डीएसपी को जांच के आदेश दिए हैं। एसपी ने बताया कि मो. शकील से पूछताछ चल रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।