सामाजिक न्याय परिचर्चा में सांसद सुधाकर सिंह ने पीएम पर साधा निशाना
सामाजिक न्याय परिचर्चा में सांसद सुधाकर सिंह ने पीएम पर साधा निशाना

लखीसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। शहर के नया बाजार आरलाल कॉलेज के निकट शिव पार्वती मंदिर स्थित सम्राट अशोक भवन में बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल के लखीसराय विधानसभा इकाई का सामाजिक न्याय परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्षता राजद के नगर अध्यक्ष श्रवण पटेल ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व विधायक सतीश कुमार, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो सुबोध कुमार मेहता एवं युवा प्रदेश उपाध्यक्ष रविकांत कुमार यादव शामिल हुए। प्रदेश से शामिल वरिष्ठ राजद नेता ने विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी मजबूती का मूल मंत्र स्थानीय कार्यकर्ता को दिया। सभी ने स्थानीय केंद्र व राज्य सरकार पर जोरदार हमला करते हुए महागठबंधन की 17 माह के शासनकाल की उपलब्धि से पार्टी कार्यकर्ता को अवगत कराया एवं उसे स्थानीय लोगों के बीच प्रचारित प्रसारित करने का आह्वान किया।
इस दौरान अपने वक्तव्य के कारण राज्य के साथ पूरे देश में चर्चा में रहने वाले बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। भारत-पाकिस्तान युद्ध मामले पर उन्होंने पीएम मोदी को अमेरिका के बंदर घुड़की के आगे गॉ डाउन व सरेंडर करने का आरोप लगाते हुए निकम्मा और कायर बताया। लखीसराय में हुए व्यापक शिक्षा घोटाला के सवाल पर जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि सभी जिले में घोटाला हो रहा है। स्थानीय जिला अछूता कैसे रह सकता है। नीतीश सरकार घोटालों का उस्ताद है। घोटाला करने वाले चुनाव में सरकार के लिए वोट मांगते हैं। पूर्व विधायक फुलेना सिंह एवं जिला उपाध्यक्ष प्रेम सागर चौधरी ने बताया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए कार्यकर्ता में जोश भरने का काम कर रही है। सामाजिक न्याय पर चर्चा के माध्यम से सभी लोगों से संपर्क साध रही है। महागठबंधन के 17 माह की उपलब्धि से अवगत करा रही है। उसी उपलब्धि को वर्तमान सरकार भुनाने का प्रयास कर रही है। स्थानीय कार्यकर्ता को सामाजिक न्याय पर गांव जाकर जनता के बीच बात करने का सिख दिया जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल शुरू से आज तक सामाजिक न्याय की पार्टी रही है। हर वर्ग के गरीब को ताकत देकर मजबूत करने का काम किया है। सभी कार्यकर्ता को गांव जाकर सारे गरीबों को गोल बंद करने का आह्वान किया गया है। राष्ट्रीय जनता दल को मजबूत करने का मुख्य उद्देश्य 2025 के चुनाव के लिए कार्यकर्ता को एकजुट और मजबूत करना है। मौके पर जिलाध्यक्ष कालीचरण दास, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष पीयूष कुमार, पूर्व जिला परिषद सदस्य अब्बास मियां, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजीव कुमार सोनी, मुरारी यादव, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी एवं सुनील यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।