संवाद कार्यक्रम में अपनी विचार रख रही है महिलाएं
किशनगंज में महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं को अपनी आवाज उठाने का मंच प्रदान कर रहा है। महिलाएं वृद्धा पेंशन वृद्धि, स्थानीय विकास और सरकारी योजनाओं के लाभ के बारे में बेबाकी से अपनी समस्याएँ और...

किशनगंज, संवाददाता। महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं के मुखर आवाज को मंच प्रदान कर रहा है। इस मंच से आधी आबादी अपनी सार्थक भागीदारी दे रही हैं। समस्या, आकांक्षा, सुझाव हो या नीतिगत सलाह, महिलाएं बेबाकी से अपने विचार व्यक्त कर रही हैं। महिला संवाद कार्यक्रम में अधिकांश बुजुर्ग महिलाएं, वृद्धा पेंशन राशि वृद्धि को लेकर अपनी आकांक्षा व्यक्त कर रही हैं। किशनगंज जिला के सातों प्रखंड में आयोजित होने वाले महिला संवाद कार्यक्रम में वृद्ध महिलाएं, अपनी जरूरत और बढ़ती मंहगाई को देखते हुए, इस राशि में वृद्धि की बातें रख रही हैं। ठाकुरगंज प्रखंड के रोज, विशाल, लाडला ग्राम संगठन की अनवरी बेगम, शाहिन, हाजरा खातून दीदी ने इस दिशा में कदम उठाने की बात कही। ग्राम संगठन में आयोजित हो रहे महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएं उत्साह से भाग ले रही हैं। उन्हें अपनी बात रखने का मंच मिल रहा है। जिला में अब तक एक सौ पच्चास ग्राम संगठन में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसमें तीस हजार से अधिक महिलाएं भाग ले चुकी हैं। शनिवार को टेढ़ागाछ प्रखंड के डाकपोखर, चिलहनिया, ठाकुरगंज के कनकपुर, जीरनगाछ, कोचाधामन के हल्दीखोरा, बड़ीजान पोठीमारी जागीर, गरगांव, दिघलबैंक के सतकौआ, पोठिया प्रखंड के टीपीझाड़ी, छत्तरगाछ, रायपुर, नौकट्टा, सदर प्रखंड के महीनगांव, दौला, बहादुरगंज प्रखंड के मोहम्मदनगर पंचायत में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला संवाद कार्य्रकम में महिलाएं अपने गांव, पंचायत की स्थानीय आकांक्षा भी व्यक्त कर रही हैं। ठाकुरगंज प्रखंड के छेतल पंचायत की अख्तरुण निशा दीदी ने राजी बस्ती में सड़क निर्माण की मांग रखी। कोचाधामन प्रखंड की पलक कुमारी ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की मदद से उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिल रही है। वहीं, टेढ़ागाछ प्रखंड के प्रगति ग्राम संगठन की नूतन कुमारी ने बताया कि सरकारी विद्यालय में साइकिल का लाभ मिलने से उन्हें समय पर स्कूल पहुंचने और घर आने में सहूलियत हुई। पोशाक, छात्रवृत्ति मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना से पढ़ाई आगे जारी रखने में आर्थिक मदद मिली। महिला संवाद कार्यक्रम, महिलाओं की आवाज को मंच देने का माध्यम बन रहा है। बिना संकोच के महिलाएं अपनी समस्या आकांक्षा व्यक्त कर रही हैं। महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की स्थानीय, नीतिगत आकांक्षा को मंच प्रदान करना, उसे दर्ज करना। आगे की नीतिगत योजनागत बदलाव हेतु सरकार के विभिन्न स्तरों पर उसे प्रेषित करना है। साथ महिलाओं के लिए चलाए जा रहे सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत भी कराना है। जब गांव टोलों से महिलाओं के विचार मंतव्य सुने जाएँगे, उस दिशा में सकारात्मक प्रयास किये जाएंगे। तभी महिलाओं के जीवन में और बदलाव की दिशा में सार्थक सफलता मिलेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।