गर्मी से मिलेगी राहत, मौसम में बदलाव से किसानों में खुशी
कटिहार में दो दिनों में तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से मंगलवार तक बारिश और बादल छाने की प्रबल संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट होगी। किसानों के लिए यह बारिश...

कटिहार, वरीय संवाददाता। दो दिनों के भीतर जिले में पड़ रही तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से लेकर मंगलवार तक जिले में बादल छाए रहने और बारिश होने की प्रबल संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले 24 घंटों में दिन के अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। तेज गति से चलने वाली पुरवा हवा से भी गर्मी का प्रभाव कम होगा। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक पंकज कुमार ने बताया कि बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम फिलहाल शुष्क और साफ है, लेकिन 8 से 14 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही पुरवा हवा से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है।उन्होंने बताया कि बारिश से फसल की सिंचाई और मिट्टी की नमी में सुधार होगा, जिससे खरीफ फसल की बुवाई में मदद मिलेगी। लंबे समय से गर्मी और सूखे का सामना कर रहे किसानों के लिए यह बारिश राहत की बौछार लाएगी। स्थानीय किसानों ने भी बताया कि तेज धूप और गर्मी के कारण फसलों की स्थिति खराब हो रही थी, लेकिन अब बारिश की संभावना से उनकी उम्मीदें फिर से जाग उठी हैं। फसल उत्पादन पर मौसम का सीधा प्रभाव पड़ता है और ऐसी स्थिति में समय पर बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।