हटाए गए ओकरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
जहानाबाद, हिंदुस्तान प्रतिनिधि। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिंकी कुमारी नामक आशा कार्यकर्ता का करीब 6 वर्ष पूर्व का मानदेय भुगतान लंबित था।

जहानाबाद, हिंदुस्तान प्रतिनिधि। एक आशा कार्यकर्ता के बकाया मानदेय का भुगतान नहीं करना ओकरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को भारी पड़ गया। सिविल सर्जन ने उन्हें प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के पद से हटाते हुए दूसरे चिकित्सक को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का दायित्व सौंपा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिंकी कुमारी नामक आशा कार्यकर्ता का करीब 6 वर्ष पूर्व का मानदेय भुगतान लंबित था। आशा कार्यकर्ता ने इस संबंध में जिलाधिकारी एवं आयुक्त से गुहार लगाई थी। कमिश्नर के द्वारा इस संबंध में कई बार भुगतान करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन भुगतान नहीं किया गया। सिविल सर्जन ने इसे वरीय अधिकारी के आदेश की अवहेलना, मनमानेपन एवं स्वेच्छाचारिता मानते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के पद से डॉ विनोद कुमार चौधरी को हटा दिया है। ओकरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का दायित्व डॉक्टर अमरनाथ प्रसाद को दिया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आशा कार्यकर्ता पिंकी कुमारी के बकाया मानदेय का भुगतान कर सिविल सर्जन एवं आयुक्त को सूचित कर दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।