Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsCentral Agriculture Minister Promises Global Recognition for Makhana as Super Food

सुपर फूड के रूप में छा जाएगा मखाना : मंत्री

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दरभंगा में मखाना उत्पादकों से संवाद करते हुए कहा कि मखाना जल्द ही सुपर फूड के रूप में विश्वभर में प्रसिद्ध होगा। उन्होंने मखाना की मार्केटिंग, ब्रांडिंग और...

Newswrap हिन्दुस्तान, दरभंगाMon, 24 Feb 2025 01:10 AM
share Share
Follow Us on
सुपर फूड के रूप में छा जाएगा मखाना : मंत्री

दरभंगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जल्द ही मखाना सुपर फूड के रूप में पूरी दुनिया में छा जाएगा। इसके लिए मखाना की बेहतर मार्केटिंग, ब्रांडिंग और पैकेजिंग की व्यवस्था की जाएगी। मखाना उत्पादकों को उचित मूल्य मिले, इसके लिए घरेलू व अंतरराष्ट्रीय बाजार को भी विकसित किया जाएगा। ये बातें उन्होंने रविवार को दरभंगा के राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र परिसर में मखाना कृषकों के साथ संवाद करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि लीज पर जमीन लेकर मखाना की खेती करने वाले किसानों को सरकारी अनुदान सहित अन्य लाभ नहीं मिलते हैं। अब जल्द ही ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि लीज पर खेत लेकर मखाना की खेती करने वाले किसानों को भी सरकारी अनुदान सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिले। श्री चौहान ने कहा कि मखाना उत्पादक किसानों से बात किये बिना मखाना बोर्ड का गठन करना मुझे सही नहीं लगा, इसलिए यहां हम मखाना किसानों से बात करने आये हैं। यहां किसानों से बात कर हमने उनकी तकलीफों को जाना है। उनसे कई सुझाव भी लिए हैं।

उन्होंने कहा कि आईसीएआर अब कांटारहित मखाना का बीज विकसित करने की दिशा में भी काम करेगा। इसके अलावा इस क्षेत्र में यांत्रिकीकरण की प्रक्रिया अपनाने से भी किसानों की परेशानी दूर की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बटाई पर खेत लेकर मखाना की खेती करने वाले किसानों को भी फायदा हो, इसके लिए भी काम करेंगे। इसके अलावा मखाना उत्पादकों के लिए प्रशिक्षण शिविर, कार्यशाला, कौशल विकास आदि की दिशा में भी गंभीरता से काम करेंगे। उन्होंने सोमवार को भागलपुर में होने वाले पीएम मोदी के कार्यक्रम में आने की भी लोगों से अपील की। इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री ने परिसर में स्थित तालाब में अपने हाथों से मखाना का पौधा लगाया और इसकी खेती के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मखाना बोर्ड के गठन के लिए किसानों से सुझाव लिए। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मखाना किसानों के लिए जमीन का पट्टा तथा उन्हें कानूनी अधिकार दिलाने के लिए वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात करेंगे। इसके अलावा मखाना किसानों को आयुष्मान योजना से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने मखाना बोर्ड के गठन की घोषणा के लिए केन्द्र सरकार को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में मंत्री हरि सहनी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, मधुबनी सांसद डॉ. अशोक यादव आदि ने भी विचार रखे। इसके बाद सभी नेता यहां से भागलपुर की ओर रवाना हो गए।

इससे पहले दरभंगा हवाई अड्डे पर भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी मन्ना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में मंत्री हरि सहनी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, मधुबनी सांसद डॉ. अशोक यादव, जाले विधायक जीवेश मिश्रा, हायाघाट विधायक डॉ. रामचंद्र प्रसाद, बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद डॉ. अर्जुन सहनी, भाजपा जिला दक्षिणी अध्यक्ष विनय पासवान, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, पूर्व जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी, जदयू जिला अध्यक्ष गोपाल मंडल, लोजपा (रा) जिला अध्यक्ष देवेंद्र झा, सुजीत मल्लिक, रंगनाथ ठाकुर, अंकुर गुप्ता राम नारायण ठाकुर, बालेन्दु झा आदि थे। मनोज कुमार झा पप्पू, राजेश रंजन, सचिन जैन, मीना झा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष बालेंदु झा, मुकुंद चौधरी, डॉ. मृदुल शुक्ला, आरके चौधरी आदि थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें