Hindi NewsBihar NewsBhabua NewsBihar Chief Minister Launches 169 Development Projects Worth 345 50 Crores in Kaimur

मुख्यमंत्री ने 345 करोड़ की 169 योजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैमूर में 345.50 करोड़ रुपये की 169 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें 233.29 करोड़ रुपये की 79 योजनाएं और 112.20 करोड़ रुपये की 90 योजनाएं शामिल हैं। इससे चैनपुर,...

Newswrap हिन्दुस्तान, भभुआTue, 18 Feb 2025 09:19 PM
share Share
Follow Us on
मुख्यमंत्री ने 345 करोड़ की 169 योजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन

कैमूर में 233.29 करोड़ रुपयों की 79 योजनाओं का शिलान्यास व 112.20 करोड़ रुपयों की 90 योजनाओं का किया उद्घाटन सोन-कोहिरा नदी लिंक योजना से 10 हजार हेक्टेयर खेत की होगी सिंचाई चैनपुर, चांद, भगवानपुर प्रखंड के 4.50 लाख आबादी होगी लाभान्वित (सर के ध्यानार्थ) भभुआ, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को प्रगति यात्रा के दौरान कैमूर में 345.50 करोड़ की 169 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। उन्होंने 233.29 करोड़ रुपयों की 79 योजनाओं का शिलान्यास व 112.20 करोड़ रुपयों की 90 योजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने अधौरा प्रखंड में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के निर्माण को लेकर चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। डिग्री कॉलेज भवन का निर्माण होने से करीब 55 आबादी के बच्चों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन एवं स्टेडियम का उद्घाटन रिमोट के माध्यम से करने के बाद निरीक्षण किया। अस्पताल का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री ने मरीजों के लिए उपलब्ध कराई गई चिकित्सा व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। स्टेडियम निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत की। उन्होंने अन्य विभागीय योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित सोन-कोहिरा नदी लिंक योजना का करकटगढ़ ईको पर्यटन क्षेत्र से स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को कई अवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस परियोजना के विकसित हो जाने से चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के चैनपुर, चांद एवं भगवानपुर प्रखंड में 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विकास होगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। इससे करीब 4.50 लाख आबादी को मिलेगा। मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खां, श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह, विधायक संगीता कुमारी, विधायक अशोक कुमार सिंह, विधायक भरत बिंद, विधान पार्षद जीवन कुमार, पूर्व सांसद महाबली सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, अपर पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक बरबड़े, डीआईजी डॉ. सत्य प्रकाश, डीएम सावन कुमार, एसपी हरिमोहन शुक्ल सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे। तालाब में घाट व वाकिंग पथ बनवाएं मोहनियां प्रखंड की भरखर पंचायत में 1.11 करोड़ से निर्मित पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन व निरीक्षण कर पुस्तकालय, राजस्व कर्मचारी कक्ष, मुखिया कक्ष, उपमुखिया कक्ष, सचिव कक्ष व अन्य कक्षों का जायजा लिया। मुखिया द्वारिका सिंह ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने इस भवन के सामने मनरेगा से सौंदर्यीकृत तालाब, 9.50 लाख रुपए की लागत से पांडेय पोखर के समीप लगाए गए ओपेन जिम, 9.97 करोड़ से तैयार हरियाली पार्क, 26.14 लाख से निर्मित सामुदायिक भवन सह वर्कशेड का उदघाटन किया। तालाब का निरीक्षण कर अफसरों को निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाब के किनारे सीढ़ीघाट का निर्माण कराएं, इससे छठ व्रतियों व आमजनों को सुविधा होगी। यहां एक जगह हरियाली पार्क, तालाब, ओपेन जिम आदि होने से दृश्य काफी सुंदर हो गया है। तालाब के किनारे वाकिंग पथ की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि लोग टहल भी सकें। योजनाओं के सांकेतिक चेक दिए मुख्यमंत्री ने भरखर के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर वर्ग कक्ष, स्पेस कम साइंस एंड रोबोटिक लैब का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं व शिक्षकों से बातचीत की। जीविका दीदी व विभिन्न विभागों के स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। उन्होंने सतत जीविकोपार्जन योजना से 3525 लाभान्वित परिवारों को प्रदत्त जीविकोपार्जन निवेश निधि के तहत 7 करोड़ 86 लाख 49 हजार 984 रुपए का सांकेतिक चेक, 11596 स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न बैंकों द्वारा ऋण 216 करोड़ 82 लाख रुपए का सांकेतिक चेक, 1023 ग्राम संगठनों को सामुदायिक निवेश निधि का हस्तानांतरण अंतर्गत 19 करोड़ 76 लाख रुपए का सांकेतिक चेक लाभुकों का प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने इन्हें भी दिए लाभ इसके अतिरिक्त समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना अंतिर्गत 51 लाख रुपए का चेक, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम सर्टिफिकेट, मनरेगा द्वारा निर्मित नवजीविका ग्राम संगठन भवन की चाबी तथा मनरेगा द्वारा निर्मित चार आंगनबाड़ी केंद्रों की चाबी दी। मुख्यमंत्री नि:शक्त जन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री योजना के 93 लाभुकों को 1.86 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक, बिहार लघु उद्यमी योजना के 400 लाभुकों को चार करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना अंतर्गत सांकेतिक चेक एवं चाबी लाभुकों को प्रदन किया। जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना की जीविका दीदियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे बिहार में आप सभी जीविका दीदियां काफी अच्छा काम कर रही हैं। जब हम केंद्र में मंत्री थे तो कई जगहों पर जाकर स्वयं सहायता समूह के कार्यों को देखा था। बिहार में स्वयं सहायता समूहों की संख्या बहुत कम थीं। वर्ष 2005 में जब बिहार में हमलोगों की सरकार बनी तब हमलोगों ने स्वयं सहायता समूहों का विस्तार करने का निर्णय लिया। इसके लिए वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर पूरे बिहार में समूहों की संख्या बढ़ाने की दिशा में काम शुरू किया गया। अब तक 3 लाख से ज्यादा जीविका दीदियों की संख्या शहरी क्षेत्रों में हो गई है। साइट मैप के माध्यम से सीएम को दी जानकारी मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन बाजार परिसर के जीर्णोंद्धार एवं निर्माण कार्य का रिमोट के माध्यम से उदघाटन कर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साइट मैप के माध्यम से बाजार समिति परिसर में किसानों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। उन्होंने परिसर में कृषि विभाग द्वारा विभिन्न उत्पाद एवं नए कृशि यंत्रों से संबंधित लगाई गई प्रदर्शनी का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना के लिए अनुदान राशि का सांकेतिक चेक एवं सेंटर की चाबी लाभुकों को प्रदान किया। कृषि विभाग के सचिव ने पुष्प गुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के समक्ष कलाकारों ने पराली जलाने से होनेवाले नुकसान पर आधारित गीत की प्रस्तुति दी। फोटो- 18 फरवरी भभुआ- जी कैप्शन- प्रगति यात्रा के दौरान मंगलवार को भभुआ में हेलीपैड के पास नेताओं व कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें