मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का किया उत्साह वर्द्धन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेघड़ा में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत आयोजित महिला फुटबॉल मैच का मुआयना किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर खेल मंत्री, डीएम और अन्य...

तेघड़ा, एक संवाददाता। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत युमना भगत खेल स्टेडियम तेघड़ा में ग्रुप बी के महिला वर्ग आंध्र प्रदेश एवं हरियाणा के बीच आयोजित फुटबाल मैच में शामिल हुए। इस क्रम में उन्होंने खेल परिसर का मुआयना किया। साथ ही, खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया व उनसे बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह वर्द्धन किया। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम परिसर का भ्रमण कर विभिन्न राज्यों से आये खिलाड़ियो से हाथ मिलाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में खेल मंत्री सुरेंन्द्र मेहता एवं डीएम तुषार सिंगला ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुछ, स्मृति चिह्न एवं खेलो इंडिया कीट भेंटकर उनका स्वागत किया।
इसके पहले मुख्यमंत्री पटना से हेलीकॉप्टर द्वारा तेघड़ा अनुमंडल परिसर में बने हैलीपैड में उतरे। वहां से सड़क मार्ग से यमुना भगत खेल स्टेडियम तेघड़ा पहुंचे। इस अवसर पर केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरीराज सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह केन्द्रीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार सह बेगूसराय जिले के प्रभारी मंत्री संजय सरावगी, खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता, विधायक राजकुमार सिंह, पूर्व मंत्री मंजू वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन सह खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. वी राजेंद्र, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, बेगूसराय के पुलिस उपमहानिरीक्षक आशीष भारती, डीएम तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक मनीष सहित अन्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।