अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से हेडमास्टर की दब कर मौत, पेज 3
रफीगंज के बेल्हरिया गांव में एक ट्रैक्टर पलटने से स्कूल के हेडमास्टर जितेंद्र कुमार शर्मा की मौत हो गई। वह ट्रैक्टर चला रहे थे जब यह अनियंत्रित होकर पलट गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें...

रफीगंज, संवाद सूत्र। रफीगंज प्रखंड के पौथू थाना क्षेत्र के बेल्हरिया गांव के समीप एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल कोईलवां मध्य विद्यालय के हेडमास्टर बेल्हरिया निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा की मौत हो गई है। घटना शुक्रवार सुबह की है। जानकारी के अनुसार वे खुद ट्रैक्टर चलाकर बांस बिगहा जा रहे थे। किसी वाहन से साइड लेने के क्रम में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें वह बुरी तरह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत करार दिया। उनके निधन से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक के दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं। हेडमास्टर के निधन के बाद उनके सिर से पिता का साया उठ गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।