एक शक से खत्म हो गई 4 साल पुरानी प्रेम कहानी, गर्लफ्रेंड की हत्या कर सूटकेस में फेंका
बिहारशरीफ में एक प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड की धारदार हथियार से हत्या कर दी। उसके शव को सूटकेस में बंद कर पानी के गड्ढे में फेंक दिया। दोनों का 4 साल से प्रेम संबंध था। आरोपी को अपने प्यार पर शक हो गया था, जिसके चलते उसने अपनी गर्लफ्रेंड को मौत के घाट उतार दिया।

बिहार के नालंदा जिले में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर उसे सूटकेस में बंद कर फेंक दिया। मर्डर की यह सनसनीखेज वारदात बिहार थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ला से सामने आई है। एक शक की वजह से चार साल पुरानी प्रेम कहानी का एक झटके में अंत हो गया। मृतका की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के ओंदा गांव निवासी 20 वर्षीय पूजा कुमारी रूप में हुई है। वह बिहारशरीफ में एक किराये के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। उसका शव सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में मिला। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके प्रेमी 25 वर्षीय अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वह शेखपुरा जिले में बरबीघा थाना क्षेत्र के तोय गांव का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार प्रेमी की निशानदेही पर पुलिस ने बुधवार को सोहसराय थाना क्षेत्र के सहोखर मोहल्ला में सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे से पूजा के शव को बरामद किया। आरोपी ने युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की थी। फिर लाश को सूटकेस में बंद कर सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया था।
सदर डीएसपी नुरुल हक ने बुधवार को कहा कि आरोपी युवक अमित कुमार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि पूजा से उसकी 4 सालों से जान पहचान थी। दोनों ने मैट्रिक तक एक साथ पढ़ाई की थी। एक ही जाति के होने के कारण उनके बीच गहरा प्रेम संबंध था। बिहारशरीफ में दोनों आसपास ही किराये पर मकान लेकर रहते थे।

पूजा के घर वालों को था अमित पर भरोसा, एक शक ने सबकुछ बदला
बताया जा रहा है कि पूजा के परिजन अमित पर काफी भरोसा करते थे। उसी के कहने पर घर वालों ने पूजा को पढ़ाई-लिखाई के लिए बिहारशरीफ भेजा था। आरोपी ने बताया कि जब से पूजा का नर्सिंग कॉलेज में नामांकन हुआ, उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। वह मॉडल अस्पताल में ट्रेनिंग करती थी और वहां के सहपाठी उसके कमरे पर आया-जाया करते थे। इसी को लेकर अमित को पूजा के प्रेम पर शक बैठ गया। उसे लगा कि पूजा अब उससे प्यार नहीं करती है। फिर उसने अपनी प्रेमिका को मौत के घाट उतारने की ठान ली।

पूरी प्लानिंग से किया मर्डर
अमित ने अपनी गर्लफ्रेंड का पूरी प्लानिंग के साथ मर्डर किया। उसने बाजार से नया सूटकेस खरीदा। फिर उसे लेकर पूजा के कमरे पर गया। जब पूजा सो रही थी, तब उसने धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। फिर शव को सूटकेस में बंद कर उसे ठिकाने लगा दिया।
पुलिस ने आरोपी के कमरे से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। कमरे में खून के निशान भी मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या के बाद मृतका के घर पर कोहराम मचा है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।